मथुरा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर राया कट के पास स्थित दो होटलों में चल रहे कथित देह व्यापार के कारोबार का पुलिस ने खुलासा किया है. सीओ महावन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को छापेमारी कर 6 युवतियों और 13 युवकों समेत कुल 19 लोगों को हिरासत में लिया. कार्रवाई के बाद क्षेत्र के होटल और गेस्ट हाउस संचालकों में हड़कंप मच गया.
सीओ महावन के नेतृत्व में हुई छापेमारी
पुलिस के अनुसार, यमुना एक्सप्रेस-वे के राया कट के आसपास स्थित कुछ होटलों में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. शिकायतों के सत्यापन के बाद सीओ महावन संजीव कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को विशेष अभियान चलाया.
संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक-युवतियां
इस दौरान एक्सप्रेस-वे स्थित रॉयल होटल एंड रेस्टोरेंट तथा न्यू सांवरिया गेस्ट हाउस में एक साथ छापेमारी की गई.पुलिस को होटल के विभिन्न कमरों से युवक और युवतियां संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
कई राज्यों से जुड़े मिले तार
पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़ी गई 6 युवतियां अलीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं. प्रारंभिक जांच में इस नेटवर्क के कई राज्यों तक फैले होने की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली और नोएडा समेत आसपास के बड़े शहरों से लोग इन होटलों में आते थे। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े लोगों की पहचान की जा सके.
होटल संचालकों की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस पकड़े गए युवक-युवतियों के साथ-साथ होटल प्रबंधन से भी पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में होटल संचालकों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है.
संजीव कुमार राय, सीओ महावन ने बताया कि शिकायतों के आधार पर दो होटलों में छापेमारी की गई, जहां से 6 युवतियों और 13 युवकों को हिरासत में लिया गया है. मामले की जांच की जा रही है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है.
ये भी पढ़ें: विवाद सुलझाने के लिए आई पुलिस ने की युवक की पीट-पीटकर हत्या! CCTV में कैद पूरा मामला
