Indonesian President DNA: इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने पीएम मोदी की मौजूदगी में खुलासा किया कि उनके डीएनए टेस्ट में भारतीय मूल होने की बात सामने आई है और उनकी संस्कृति पर भारत का गहरा असर है.

Indonesian President DNA: इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने भारत के साथ अपने देश के गहरे रिश्तों का खुलकर बखान किया है. वे इन दिनों इंडोनेशिया के दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेजबानी कर रहे हैं. इस दौरान राष्ट्रपति सुबियांतो ने कूटनीतिक मर्यादाओं से आगे बढ़कर भारत और पीएम मोदी की जमकर तारीफ की. उन्होंने एक बहुत ही दिलचस्प बात शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने अपना डीएनए टेस्ट करवाया है, जिसमें पता चला है कि वे खुद एक भारतीय मूल के हैं. यही वजह है कि जब भी वे भारतीय संगीत सुनते हैं, तो उनका पूरा बदन खुद ब खुद थिरकने लगता है.
मैं तो पीएम मोदी की नीतियों का बहुत बड़ा फैन हूं
राष्ट्रपति सुबियांतो ने पीएम मोदी की तारीफ में कसीदे पढ़ते हुए कहा कि किसी भी नेता के साथ एक बड़ा खतरा होता है. अगर उसे मंच और माइक मिल जाए, तो वह वहां से हटना ही नहीं चाहता. उन्होंने कहा कि मैं भारत की घरेलू राजनीति में कोई दखल नहीं दे रहा हूं, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मैं नरेंद्र मोदी जी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं. मेरे करीबी साथी और सहयोगी इस बात के गवाह हैं कि मैं उनका कितना बड़ा फैन हूं. मैं कोई पेशेवर राजनेता नहीं हूं और इसका सबूत यह है कि मैंने पांच बार चुनाव लड़ा और चार बार हार का सामना किया. राष्ट्रपति बनने से पहले ही मैंने मोदी जी की नीतियों का पूरा अध्ययन कर लिया था. चूंकि उन नीतियों पर कोई कॉपीराइट नहीं था, इसलिए मैंने उनमें से कई को अपने यहां भी अपना लिया. अच्छी बात यह है कि पीएम मोदी ने मुझे अपनी नीतियां अपनाने की इजाजत दी, इसलिए मुझ पर कोर्ट में केस नहीं हो सकता.
हमारी भाषा में घुले हैं 50 फीसदी संस्कृत के शब्द
इंडोनेशियाई राष्ट्रपति का मानना है कि उनके देश के लोगों को भारत के अनुभवों से बहुत कुछ सीखना चाहिए. उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया की सभ्यता और संस्कृति पर भारतीय सभ्यता का बहुत ही गहरा असर रहा है. हमारी भाषा का करीब 50 फीसदी हिस्सा सीधे संस्कृत से ही निकलकर आया है. सिर्फ इतना ही नहीं, हमारे देश में बहुत से लोगों के नाम भी संस्कृत पर ही आधारित हैं. यही वजह है कि हमारे और भारत के बीच एक कुदरती करीबी रिश्ता है. हम भारत के साथ भविष्य में और भी ज्यादा गहरे और करीबी सहयोग का पूरे दिल से स्वागत करते हैं.
डीएनए टेस्ट में खुला भारतीय होने का बड़ा राज
राष्ट्रपति सुबियांतो ने अपनी भारत यात्रा से जुड़ा एक बेहद निजी और अनोखा किस्सा भी साझा किया. उन्होंने बताया कि भारत की अपनी राजकीय यात्रा पर जाने से ठीक पहले उन्होंने अपना एक जीनोम सीक्वेंसिंग टेस्ट यानी डीएनए टेस्ट करवाया था. इस टेस्ट की रिपोर्ट देखकर वे खुद हैरान रह गए, क्योंकि उसमें पता चला कि उनके अंदर भारतीय डीएनए मौजूद है. राष्ट्रपति ने मुस्कुराते हुए कहा कि अब मुझे समझ आया कि जब भी मैं कोई भारतीय गाना सुनता हूं, तो मेरा शरीर क्यों झूमने लगता है. उनकी इस बात का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने भी कहा कि राष्ट्रपति जी, आपने यह बात पहले भी कही थी और आज फिर दोहराई है. मैंने देखा कि आपकी इस बात पर हॉल में सबसे तेज तालियां बजीं. आपने अपने इस एक बयान से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है. हमारा यह डीएनए आपसी भरोसे और एक साझी विरासत पर टिका हुआ है.
रक्षा समझौतों से रिश्तों को मिली एक नई उड़ान
दोनों देशों के बीच का यह रिश्ता सिर्फ बातों और संस्कृति तक ही सीमित नहीं है, बल्कि अब यह रक्षा के क्षेत्र में भी काफी मजबूत हो रहा है. इसी दौरे के दौरान मंगलवार को भारत और इंडोनेशिया के बीच एक बहुत बड़ा रक्षा समझौता हुआ है. इसके तहत भारत अब इंडोनेशिया को अपनी सबसे खतरनाक ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल और हवा से हवा में मार करने वाली अस्त्र मिसाइल सप्लाई करने के लिए तैयार हो गया है. दोनों देशों के बीच हुआ यह सौदा आने वाले समय में मिलिट्री और रणनीतिक रिश्तों को एक बहुत नई और बड़ी ऊंचाई पर ले जाने का काम करेगा.
