तेलंगाना में कांग्रेस सांसद और विधायक समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई है. इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज करके स्थिति को संभाला. इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी और कार्यकर्ता घायल भी हुए हैं.

कांग्रेस नेताओं के समर्थकों में झड़प
तेलंगाना में कांग्रेस के अंदर भारी घमासान हो रहा है. सूर्यापेट जिले में बुधवार को कांग्रेस का अंदरूनी कलह हिंसक झड़प में बदलता हुई दिखाई दिया है. जानकारी के मुताबिक अरवापल्ली मंडल मुख्यालय में कांग्रेस सांसद चमाला किरण कुमार रेड्डी और तुगांतुर्थी विधायक मंडुला सैमुअल के समर्थकों के बीच में मारपीट और हिंसक झड़प हुई है. दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट और पथराव के साथ लाठी-डंडे चले हैं.
6 वाहनों को पहुंचा नुकसान
जानकारी के मुताबिक इस हिंसक झड़प के दौरान कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल भी हुए हैं. इस दौरान लगभग 6 वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है. हालातों के ज्यादा खराब होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करके स्थिति को संभालना पड़ा. इस विवाद की शुरुआत कांग्रेस की मंडल कमेटियों के गठन को लेकर हुई थी, जिसके बाद कुछ ही समय में यह विवाद हिंसा में बदल गया.
कमेटियों में समर्थकों को जगह दिलाने का आरोप
पूर्व मंत्री राम रेड्डी दामोदर रेड्डी के समर्थकों ने आरोप लगाया कि विधायक मंडुला सैमुअल अपने समर्थकों को मंडल अध्यक्ष और कमेटियों में जगह दिला रहे हैं और पुराने कार्यकर्ताओं को अनदेखा किया जा रहा है. इसको लेकर सांसद चमाला कुरण और दिवंगत नेता राम रेड्डी दामोदर रेड्डी के समर्थक हैदराबाद में गांधी भवन जाकर प्रदेश नेतृत्व से शिकायत करने वाले थे.
जमकर चले लाठी-डंडे
बताया जा रहा है कि जैसे ही काफिला रवाना होने वाला था, तो विधायक मंडुला सैमुअल के समर्थकों ने रोक लिया. काफिला रोकने के बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई और कुछ ही समय में यह बहस हिंसक झड़प में बदल गई. बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरों पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए पत्थरबाजी की. इस दौरान कुछ कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. घटना के दौरान मौके पर मौजूद कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है. हालात खराब होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज करके दोनों गुटों को अलग करते हुए हालात पर काबू पाया.
यह भी पढ़ें- ‘यह कोई गुड्डा-गुड्डी का खेल नहीं…’, पंजाब कांग्रेस में बढ़ा अंदरूनी कलह! भूपेश बघेल ने दिया बड़ा बयान
