आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन पर भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए मॉडर्न स्लीपिंग पॉड्स बनाए गए हैं. इनमें यात्रियों को कई सुविधाएं मिलने वाली हैं.

विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन पर बने मॉडर्न स्लीपिंग पॉड्स
भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं कर रही है. अब रेलवे ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन पर ऐसी सुविधा दी है, जिसे देखकर यात्री बेहद खुश हो जाएंगे. विजयवाड़ा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए मॉडर्न स्लीपिंग पॉड्स बनाए गए हैं. इनकी मदद से यात्रियों को स्टेशन पर ठहरने के लिए काफी बेहतर व्यवस्था मिलने वाली है.
यात्रियों को मिलेगी सोने की व्यवस्था
आपको बता दें कि इन स्लीपिंग पॉड्स की मदद से लंबी यात्रा के दौरान शरीर से थक चुके यात्रियों के लिए सोने की व्यवस्था दी जाएगी. वहीं साथ ही अपनी ट्रेन का इंतजार करने वाली यात्री भी इन स्लीपिंग पॉड्स का इस्तेमाल करके आराम से सो सकेंगे. रेलवे अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इन पॉड्स को खासतौर पर उन यात्रियों के लिए बनाया गया है, जो देर रात में ट्रेन पकड़ते हैं या फिर सुबह के समय जल्दी पहुंचते हैं.
इनमें सो सकेंगे यात्री
जानकारी के मुताबिक इन स्लीपिंग पॉड्स में यात्रियों को कई सुविधाएं मिलने वाली हैं, जिससे यात्रियों का सफर अब और भी आसान हो जाएगा. जो यात्री लंबी दूरी का यात्रा करके थक जाते हैं, वे सभी इन स्लीपिंग पॉड्स में आराम से सो सकते हैं.
स्लीपिंग पॉड्स में मिलेंगी कई सुविधाएं-
वाई-फाई- इन पॉड्स में इंटरनेट की सुविधा भी मिलेगी, जिससे यात्री अपना मनोरंजन कर सकेंगे.
सेंट्रल AC- इसकी मदद से पूरा पॉड ठंडा और बेहद आरामदायक रहेगा.
लॉकर- यात्रियों के सामान की सुरक्षा के लिए मजबूत लॉकर दिए जाएंगे.
चार्जिंग पॉइंट- मोबाइल और लैपटॉप को चार्ज करने की सुविधा भी दी जाएगी.
आरामदायक बेड- इन पॉड्स में आरामदायक बेड और साफ सुथरे बिस्तर के साथ तकिए और चादर की सुविधा भी मिलेगी.
यात्रियों के कंफर्ट का पूरा ध्यान
जानकारी के मुताबिक रेलवे के ये स्लीपिंग पॉड्स छोटे हैं, लेकिन बेहद आरामदायक हैं. इनके अंदर रोशनी, वेंटिलेशन और प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा गया है. यात्री इन पॉड्स को घंटे के हिसाब या पूरी रात के लिए भी बुक कर सकते हैं. आपको बता दें कि इन पॉड्स के किराए को लेकर रेलवे की तरफ से अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है.
यह भी पढ़ें- ललिता गौतम हत्याकांड पर मायावती का बड़ा बयान! बिना नाम लिए साधा निशाना; बोलीं- नेता राजनीतिक रोटियां सेंकते हैं
