मलकानगिरि जिले में रॉयल बंगाल टाइगर घुस आया है. इसके कारण आसपास के लोगों में डर माहौल बन गया है. वन विभाग ने ग्रामीणों को अलर्ट रहने और बाहर न निकलने की सलाह दी है. वन विभाग लगातार टाइगर की गतिविधियों पर नज़र रख रहा है.
ओडिशा के मलकानगिरि जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां रॉयल बंगाल टाइगर की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है. आंध्र प्रदेश से आया चार साल का एक बाघ मोटू इलाके में घूम रहा है. इसकी जानकारी मिलने के बाद वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है. आंध्र प्रदेश और ओडिशा की सीमा से सटे इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
वन अधिकारियों के मुताबिक इस बाघ की मौजूदगी की जानकारी सबसे पहले आंध्र प्रदेश के वन विभाग ने दी थी. अधिकारियों ने बताया कि करीब चार साल का यह रॉयल बंगाल टाइगर पापिकोंडालू क्षेत्र से ओडिशा की सीमा में दाखिल हुआ है. जानकारी मिलने के बाद से ही मलकानगिरि जिले के मोटू इलाके में उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. बाघ की मौजूदगी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है. इसके आलवा वन विभाग ने निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है.
रेडियो कॉलर से रखी जा रही है बाघ पर नजर
मलकानगिरि के मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) साई किरण डीएन ने जानकारी देते हुए बताया कि बाघ के गले में रेडियो कॉलर लगाया गया है. इसकी मदद से उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. उन्होंने बताया कि बाघ की निगरानी के लिए सैटेलाइट और वेरी हाई फ्रीक्वेंसी (वीएचएफ) आधारित ट्रैकिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जा रहा है. इनकी मदद से वन अधिकारियों को उसकी आवाजाही की जानकारी मिल रही है.
लोगों को किया सावधान
आपको बता दें कि बाघ की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के गांवों में अलर्ट जारी किया है. सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है. लोगों से कहा जा रहा है कि वे जंगल में न जाएं और फिलहाल अपने गांवों में ही रहें.
जानकारी के मुताबिक़ खासतौर पर आंध्र प्रदेश और ओडिशा की अंतरराज्यीय सीमा से सटे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. वन विभाग ने ग्रामीणों से कहा है कि वे बिना किसी जरूरी काम के जंगलों की तरफ न जाएं. अगर किसी को बाघ दिखाई देता है या उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी मिलती है, तो तुरंत वन अधिकारियों को सूचित करें.
