वडोदरा में एक छात्र ने अपने टीचर को हैप्पी बर्थडे कहकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. इस बात पर शिक्षक नाराज हो गया और छात्र को बुरी तरह पीट दिया. घटना में छात्र के कान में गंभीर चोट आई है.

बर्थडे विश करने से नाराज हुआ शिक्षक
गुजरात के वडोदरा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक छात्र ने अपने शिक्षक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी और टीचर बर्थडे विश करना उसे भारी पड़ गया. शिक्षक पर आरोप है कि उसने छात्र को क्लास के बाहर ले जाकर बुरी तरह से थप्पड़ों से पीटा. बताया जा रहा है कि इस दौरान छात्र के कान में गंभीर चोट भी आई है. इस घटना के बाद इलाके में लोग चर्चा कर रहे हैं.
छात्र को अस्पताल में कराया भर्ती
घायल छात्र को इलाद के लिए सयाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने भी इस मामले में जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक यह पूरी घटना वडोदरा के खांडेराव मार्केट इलाके में सिद्धनाथ तालाब के पास मौजूद लिटिल फ्लावर स्कूल की है. स्कूल की क्लास 6 में पढ़ने वाले 13 साल के छात्र प्रेम चुनारा ने अपने शिक्षक जयेश परमार को जन्मदिन पर हैप्पी बर्थडे कहकर शुभकामनाएं दी थीं.
क्लास के बाहर ले जाकर पीटा
बर्थडे विश करने से शिक्षक नाराज हो गया और छात्र को क्लास के बाहर ले गया. क्लास के बाहर ले जाने पर शिक्षक ने छात्र के कई थप्पड़ मार दिए. जब छात्र घर पहुंचा तो उसके कान में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद उसने अपने परिजनों को पूरी घटना के बारे में बताया. कान का दर्द बढ़ने पर परिजन छात्र को सयाजी अस्पताल लेकर पहुंचे, अब छात्र का इलाज किया जा रहा है.
छात्र के पिता ने दर्ज कराई शिकायत
इस घटना पर छात्र के पिता ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने शिक्षक जयेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. छात्र की बहन ने बताया कि बच्चे शिक्षक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे थे, इसी दौरान उसके भाई ने भी टीचर से हैप्पी बर्थडे कहा था, इसी बात पर शिक्षक नाराज हो गए और छात्र को बुरी तरह पीट दिया.
यह भी पढ़ें- दान चोरी मामले में बड़ा खुलासा! 40 दिनों में 70 बार चुराई चढ़ावे की रकम; मंदिर प्रशासन ने बदली काउंटिंग व्यवस्था
