बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए JJD प्रत्याशी वीणा मानवी ने नामांकन दाखिल किया है. नामांकन दाखिल करने के बाद पुलिस ने प्रत्याशी को गिरफ्तार किया है. JJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने इसे एक राजनीतिक साजिश बताया है.

बांकीपुर सीट से JJD की प्रत्याशी गिरफ्तार
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई है. इस सीट पर उपचुनाव होने वाला है. बांकीपुर से जनशक्ति जनता दल (JJD) ने वीणा मानवी को मैदान में उतारा है. हालांकि इस सीट से नामांकन दाखिल करने के बाद पुलिस ने वीणा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक यह मामला साल 2009 का पुराना (420) केस है. पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी कोर्ट के आदेश के बाद हुई है.
तेज प्रताप ने बताया राजनीतिक साजिश
इस मामले को जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने राजनीतिक साजिश बताया है. उन्होंने कहा कि लोग साजिश कर रहे हैं, लेकिन यह ज्यादा दिन नहीं चलेगा. अभी मैं दिल्ली में हूं, लेकिन जल्द ही बिहार लौटूंगा. उन्होंने कहा कि मैं आकर सरकार को घेरने का काम करूंगा और बिहार पहुंचकर मेरा सुदर्शन चक्र चलेगा. उन्होंने कहा कि हम इस मामले में कोर्ट जाएंगे और लड़ेंगे.
JJD ने जारी किया बयान
जनशक्ति जनता दल की तरफ से जारी किए गए बयान में कहा गया है कि प्रत्याशी वीणा मानवी के नामांकन में की गई कार्रवाई पर गंभीर आपत्ति है. बयान के मुताबिक वीणा को झूठे मामले में फंसाने और उनकी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की गई है. इस मामले को लेकर तेज प्रताप यादव का कहना है कि वो पूरी मजबूती के साथ वीणा मानवी के साथ खड़े हैं.
अदालत जाएंगे और लड़ेंगे- तेज प्रताप
तेज प्रताप यादव ने कहा कि न्यायपालिका पर भरोसा है और जरूरत पड़ने पर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए अदालत का दरवाजा भी खटखटाएंगे. उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा के लोग न्याय और सच्चाई के साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि हमें भरोसा है कि सच्चाई की जीत होगी. आपको बता दें कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी इस विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें- बीजेपी का उमर अब्दुल्ला को कानूनी नोटिस! 7 दिन में माफी या 100 करोड़ का मानहानि मुकदमा; सीएम ने लगाए थे गंभीर आरोप
