Delhi Metro News: सुरक्षा कारणों से पिछले 4 दिनों से बंद सेंट्रल दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशन अब पूरी तरह से खोल दिए गए हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने रविवार को X पर पोस्ट कर जानकारी दी कि पूरे मेट्रो नेटवर्क पर यात्रियों की आवाजाही सामान्य हो गई है और सभी स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट गेट खोल दिए गए हैं.यह घोषणा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा जंतर-मंतर पर अपना विरोध प्रदर्शन आधिकारिक तौर पर वापस लेने के एक दिन बाद की गई.
DMRC ने इससे पहले शनिवार शाम को घोषणा की थी कि सभी मेट्रो स्टेशनों के एंट्री गेट फिर से खोल दिए गए हैं. विरोध प्रदर्शन के दौरान जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा इंतजामों के तहत ये अस्थायी पाबंदियां लगाई गई थीं.
कौन से स्टेशनों पर पाबंदियां थीं
राजीव चौक, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, नई दिल्ली, जनपथ, पटेल चौक, लोक कल्याण मार्ग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, सेवा तीर्थ स्टेशन.
यात्रियों को परेशानी
हालांकि इन चार दिनों के दौरान ट्रेनें इन स्टेशनों से गुजर रही थीं, लेकिन यात्रियों को अंदर आने या बाहर निकलने की इजाजत नहीं थी; सिर्फ लाइन बदलने (इंटरचेंजिंग) की अनुमति थी. इस कारण से रोजाना ऑफिस जाने वाले हजारों लोगों और कॉलेज के छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. यात्रियों को कैब, ऑटो-रिक्शा और बसों पर निर्भर रहना पड़ा, जिससे सड़कों पर गाड़ियों का दबाव बढ़ गया.
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी जानकारी
विरोध-प्रदर्शनों से जुड़ी सुरक्षा पाबंदियां हटने के बाद DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर यह जानकारी दी. मेट्रो गेट खुलने के साथ ही राजीव चौक, नई दिल्ली और मंडी हाउस जैसे व्यस्त स्टेशनों पर फिर से आम चहल-पहल लौट आई है. सेवाओं के सामान्य होने से सड़क और मेट्रो, दोनों तरह से यात्रा करने वालों को बड़ी राहत मिली है.
ये भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अन्ना हजारे का बड़ा बयान, बोले- हिंसा नहीं, संवाद से निकलता है समाधान
