लखनऊ: आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रही पावन कांवड़ यात्रा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश शासन और परिवहन निगम ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को 30 जुलाई से 11 अगस्त के बीच अतिरिक्त बसों के संचालन के सख्त निर्देश जारी किए हैं.
प्रमुख रूट्स पर विशेष फोकस
परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए. इसके लिए हरिद्वार मार्ग के साथ-साथ प्रदेश के प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ने वाले रूट्स पर बसों की फेरों में बढ़ोतरी की जाएगी.
कनेक्टिंग रूट्स पर फोकस
विशेष बस सेवाओं का लाभ मुख्य रूप से निम्नलिखित क्षेत्रों और उनके कनेक्टिंग रूट्स पर मिलेगा.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश: मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, अलीगढ़ और आगरा क्षेत्र
पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश: लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी क्षेत्र.
परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बस स्टेशनों पर स्वच्छता, पीने के पानी और यात्रियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें. इसके साथ ही, कांवड़ यात्रा मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों पर बसों के सुचारू संचालन की योजना बनाई गई है ताकि यात्रियों का समय बचे और यात्रा सुलभ हो सके.
ये भी पढ़ें: Delhi Metro: दिल्ली मेट्रो के सभी स्टेशन फिर खुले, एंट्री-एग्जिट शुरू, सभी पाबंदियां हटी
