संभल: संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बरेली से पंजाब जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए बहजोई chc में भर्ती कराया.
बरेली से पंजाब जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार, डबल डेकर बस में 150 से अधिक मजदूर सवार थे, जो मजदूरी के काम से बरेली से पंजाब जा रहे थे. जब बस बहजोई क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे से गुजर रही थी, तभी चालक को नींद की झपकी आ गई। झपकी लगते ही बस पर से नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार बस डिवाइडर से जा भिड़ी. टक्कर इतनी तेज थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.
पुलिस और एम्बुलेंस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के तुरंत बाद राहगीरों और स्थानीय पुलिस की मदद से रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया. पुलिस ने एम्बुलेंस के माध्यम से सभी घायलों को तुरंत बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया.
घायल बहजोई chc में भर्ती
हादसे की सूचना मिलने पर सीएमओ (CMO) डॉ. तरुण पाठक खुद बहजोई सीएचसी पहुँचे और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने डॉक्टरों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए. प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है.
