Kejriwal E20 Protest: अरविंद केजरीवाल ने E 20 पेट्रोल नीति के विरोध में 4 अगस्त को 100 लोगों के साथ पीएम आवास की तरफ मार्च करने का ऐलान किया है और X का बायो बदलकर लोगों से समर्थन मांगा है.

Kejriwal E20 Protest: आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने E 20 पेट्रोल नीति के खिलाफ अपनी जंग और तेज कर दी है. शनिवार को दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एक बड़ा कार्यक्रम हुआ. इसमें केजरीवाल ने ऐलान किया कि वे 4 अगस्त को प्रधानमंत्री आवास की तरफ पैदल मार्च करेंगे. वे अपने साथ 100 ऐसे निडर लोगों को ले जाना चाहते हैं जो पुलिस की लाठियों से न डरें. इस दौरान वे पीएम मोदी को 2 लाख से ज्यादा लोगों के दस्तखत वाली अर्जी सौंपेंगे.
‘X’ पर बदला बायो, लोगों से समर्थन की अपील
इस आंदोलन को देशव्यापी बनाने के लिए केजरीवाल ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. उन्होंने अपने ‘X’ (पुराना ट्विटर) अकाउंट का बायो भी बदल दिया है. बायो में उन्होंने लोगों से E 20 पेट्रोल के खिलाफ ऑनलाइन अर्जी पर साइन करने की अपील की है. केजरीवाल लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं. वे लोगों से अपने वीडियो शेयर करने और सरकार तक अपनी बात पहुंचाने के लिए कह रहे हैं.
केंद्र सरकार के सामने रखीं 3 बड़ी मांगें
कार्यक्रम में केजरीवाल ने सरकार के सामने तीन मुख्य शर्तें रखीं. पहली शर्त यह है कि पेट्रोल पंपों पर लोगों को साफ पेट्रोल या E 20 में से अपनी पसंद चुनने की छूट मिले. दूसरी मांग यह है कि एथेनॉल वाले पेट्रोल से माइलेज कम मिलता है, इसलिए इसकी कीमत कम होनी चाहिए. तीसरी मांग यह है कि आम जनता को राहत देने के लिए पेट्रोल के दाम 84 रुपये प्रति लीटर से कम किए जाएं.
गाड़ियों और किसानों को हो रहा बड़ा नुकसान
केजरीवाल का आरोप है कि एथेनॉल मिला पेट्रोल गाड़ियों के इंजन को नुकसान पहुंचा रहा है. इससे गाड़ियों का माइलेज गिर रहा है और आम लोगों का खर्चा बढ़ रहा है. इसके अलावा जहां एथेनॉल के प्लांट लगे हैं, वहां के आसपास के किसानों को भी भारी दिक्कत हो रही है. पानी का स्तर गिर रहा है और जमीनें खराब हो रही हैं. सरकार बिना सोचे समझे जनता पर यह नीति थोप रही है.
ट्रंप और अमेरिका को खुश करने का लगाया आरोप
आप नेता ने इस नीति के पीछे विदेशी दबाव का बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता हुआ है. इसके तहत भारत को अमेरिका से भारी मात्रा में सामान खरीदना है. अमेरिका दुनिया में सबसे ज्यादा एथेनॉल बनाता है. केजरीवाल का कहना है कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुश करने के लिए भारत सरकार अमेरिकी एथेनॉल खरीदकर अपने ही लोगों की जेब काट रही है.
भारी पुलिस बल तैनात, पूनावाला को किया नजरबंद
कार्यक्रम स्थल के बाहर दिनभर माहौल गर्म रहा. आप नेता सौरभ भारद्वाज ने वीडियो जारी कर दिखाया कि कैसे क्लब के बाहर पुलिस, सीआरपीएफ और रैपिड एक्शन फोर्स तैनात थी. वहीं दूसरी तरफ, इस नीति का विरोध कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता तहसीन पूनावाला ने गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने उन्हें उनके ही घर में नजरबंद कर दिया, ताकि वे मौन मार्च न निकाल सकें.
