UP Weather News: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 अगस्त को राज्यभर में व्यापक बारिश का अनुमान जताते हुए कई इलाकों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है. लगातार हो रही बारिश से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से तो राहत मिल गई है, लेकिन निचले इलाकों में जलभराव का संकट गहराने लगा है. अगर आप घर से बाहर निकलने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको पहले मौसम अपडेट जरूर देख लेना चाहिए. उत्तर प्रदेश में आज जबरदस्त बारिश होने वाली है. इसके साथ ही आंधी भी आएगी. जानिए आपके शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहने वाला है?
बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 10 से ज्यादा जिलों में अत्यंत मुसलाधार बारिश होने की संभावना है. जिन जिलों में भारी बारिश होगी वो हैं, बिजनौर, सहारनपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट और कौशांबी शामिल हैं.
40 से ज्यादा जिलों में ‘येलो अलर्ट’
पूर्वी और पश्चिमी यूपी के 40 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें लखनऊ, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, गोरखपुर, कुशीनगर, प्रयागराज, औरैया, इटावा, और मैनपुरी जैसे प्रमुख जिले शामिल हैं.
सुरक्षा व बचाव के लिए जरूरी निर्देश
किसान के लिए सलाह है कि खेतों में जमा अतिरिक्त पानी की निकासी की तुरंत व्यवस्था करें ताकि फसलों की जड़ों को नुकसान न पहुंचे. आकाशीय बिजली कड़कने के दौरान खेतों में काम न करें.जलभराव वाले रास्तों और पुराने कच्चे मकानों-दीवारों से दूर रहें.
