UK Congress: उत्तराखंड में वर्ष 2027 के आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक गलियारों में सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश की मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस अपने चुनावी अभियान का भव्य आगाज करने जा रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 8 अगस्त को हल्द्वानी पहुंचेंगे, जहाँ वे रामलीला मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर 2027 के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे।
कुमाऊं से ताकत दिखाने की तैयारी
खड़गे की इस जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। संगठन स्तर पर बैठकों का दौर जारी है और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को कुमाऊं संभाग के जिलों से कार्यकर्ताओं व आम जनता की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन मुद्दों पर बीजेपी को घेरेगी कांग्रेस
उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है। कांग्रेस इस बार जनता के बीच मुख्य रूप से महंगाई और बेरोजगारी,भ्रष्टाचार और पेपर लीक प्रकरण,ध्वस्त होती कानून-व्यवस्था जैसे जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जाएगी.
‘सत्ता परिवर्तन की नींव बनेगी हल्द्वानी रैली’
यशपाल आर्य ने दावा किया कि 8 अगस्त को हल्द्वानी में होने वाली यह रैली महज एक साधारण जनसभा नहीं होगी, बल्कि यह 2027 में राज्य में सत्ता परिवर्तन के संकल्प का मंच साबित होगी। उन्होंने कहा कि कुमाऊं के हर कोने से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक हल्द्वानी पहुंचेंगे, जो राज्य की भावी राजनीति की दिशा तय करेगा। कांग्रेस का कहना है कि संगठन एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतर चुका है और 2027 में प्रदेश में एक मजबूत और जनहितैषी सरकार बनाने के लक्ष्य पर काम कर रहा है.
