Rahul Gandhi Prayagraj event: प्रयागराज में 8 अगस्त को लेकर प्रस्तावित लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ का रास्ता साफ हो गया है. केपी ट्रस्ट (कायस्थ पाठशाला) ने पूर्व में निरस्त की गई कार्यक्रम स्थल की अनुमति का आदेश रद्द करते हुए, शर्तों के साथ दोबारा मंजूरी प्रदान कर दी है. यह कार्यक्रम 8 अगस्त को प्रयागराज के केपी कॉलेज मैदान में ही आयोजित किया जाएगा.
जानिए क्यों पैदा हुआ था असमंजस?
दरअसल, 5 अगस्त को केपी ट्रस्ट प्रबंधन ने अचानक राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति को कैंसिल कर दिया था. अनुमति रद्द होने के बावजूद राहुल गांधी और उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने साफ कर दिया था कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम हर हाल में केपी कॉलेज ग्राउंड में ही होगा और राहुल गांधी छात्रों से संवाद करने जरूर आएंगे. इसके बाद राजनीतिक बहस छिड़ गई.
अजय राय ने जारी किया नया अनुमति पत्र
मंगलवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट की ओर से जारी नया अनुमति पत्र मीडिया से शेयर करते हुए स्थिति साफ की. उन्होंने बताया कि ट्रस्ट ने कुछ दिशानिर्देशों और शर्तों के साथ कार्यक्रम की औपचारिक अनुमति प्रदान कर दी है.
राहुल गांधी करेंगे छात्रों से संवाद
8 अगस्त को आयोजित होने वाले इस ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी प्रयागराज और आसपास के जिलों से जुटने वाले हजारों प्रतियोगी छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे. इसमें बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और युवाओं के मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है. अब केपी ट्रस्ट प्रबंधन ने कुछ शर्तों के साथ कार्यक्रम की अनुमति देकर सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है.
