UP Rain Alert: पूरब से पश्चिम तक बरसेंगे बादल, 7 अगस्त को 25 जिलों में भारी बारिश के आसार
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी रंगत में आ गया है. प्रदेश के पूर्वी छोर से लेकर पश्चिमी जिलों तक झमाझम बारिश का दौर जारी है. दिल्ली-एनसीआर में रात से ही रुक रुक कर बारिश हो रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ केंद्र ने 7 अगस्त के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली सहित 25 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में बारिश का यह सिलसिला कम से कम 10 अगस्त तक बना रहेगा.
लखनऊ और आसपास का मौसम
राजधानी लखनऊ और उसके नजदीकी मैदानी क्षेत्रों में दिन भर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बौछारें पड़ने के आसार हैं. लगातार हो रही छिटपुट बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और उमस से काफी हद तक राहत मिली है.
इन जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट
आईएमडी के प्रभाव-आधारित पूर्वानुमान (Impact-based Forecast) के अनुसार, मुख्य रूप से दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई से सटे इलाकों में मानसून का सबसे अधिक असर देखने को मिलेगा. विशेष रूप से सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली जिलों में अत्यंत मूसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है. स्थानीय प्रशासन ने इन इलाकों में लोगों को जलभराव, फिसलन और आकाशीय बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है.
इन जिलों में येलो अलर्ट
ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्रों के अलावा प्रदेश के 20 अन्य जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. जिन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है इनमें शामिल हैं, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव और रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर.
कब तक चलेगा बारिश का दौर
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नम हवाएं और सक्रिय मानसूनी ट्रफ रेखा के चलते उत्तर प्रदेश में कम से कम 9 से 10 अगस्त तक वर्षा का यह दौर पूरी ताकत से जारी रहेगा. पश्चिमी यूपी के मेरठ, सहारनपुर और बिजनौर में भी आगामी 24 से 48 घंटों में तेज बारिश होने का अनुमान है.
