पिता अतीक, चाचा अशरफ और भाई असद की कब्र के पास ही सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा अबान, झांसी में हुई थी मौत
Abaan Burial Location: झांसी में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. अबान को उसके पिता अतीक, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद की कब्र के ठीक बगल में दफनाया जाएगा. बुर्के की आड़ में शाइस्ता और जैनब के आने की संभावना से पुलिस भी काफी मुश्तैद हो गई है.
अंतिम दर्शन और दफनाने की तैयारी
शवों को देर रात एंबुलेंस के जरिए प्रयागराज लाया गया. अंतिम दर्शन और धार्मिक रस्मों के लिए अबान के शव को हटवा गांव स्थित अतीक की बहन के घर पर रखा गया है, जहां रिश्तेदार और करीबी अंतिम दर्शन कर रहे हैं. अतीक की बहन के घर पर धार्मिक रस्म अदा की जाएगी. वहीं, उसके दोस्त सोनू के शव को हटवा गांव के ही कब्रिस्तान में दोपहर बाद सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.
कसारी-मसारी में दफन होगा अबान
दोपहर करीब 1:30 बजे (जुमे की नमाज़ के बाद) अबान के शव को एंबुलेंस से कसारी-मसारी स्थित पैतृक कब्रिस्तान लाया जाएगा. उसे उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ की कब्र के पास और भाई असद की बगल वाली कब्र में दफनाया जाएगा.
जेल में बंद भाइयों को मिली खबर
सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ जेल में बंद अतीक के सबसे बड़े बेटे उमर और झांसी जेल में बंद दूसरे बेटे अली को छोटे भाई अबान की मौत की जानकारी दे दी गई है. खबर सुनते ही दोनों भाई गहरे सदमे में हैं. दोनों ने जेल प्रशासन से अपने छोटे भाई के जनाजे और ‘मिट्टी’ में शामिल होने के लिए अनुमति देने की गुहार लगाई है. हालांकि, अभी तक पैरोल के लिए कोर्ट में कोई आधिकारिक अर्जी दाखिल नहीं की गई है.
झांसी में सड़क हादसे में हुई थी मौत
जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने दोस्त सोनू के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई से मिलने जा रहा था. इसी दौरान झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र स्थित खिल्ली गांव के पास उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. झांसी के मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों की टीम ने वीडियोग्राफी के साथ दोनों के शवों का पोस्टमार्टम किया, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन ने शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया.
