मैनपुरी में एक अवैध आटा फैक्ट्री पकड़ी गई है, जहां गेहूं के आटे में टेलकम पाउडर मिलाया जा रहा था. इस फैक्ट्री से 43 बोरियां में भरा टेलकम पाउडर और 2,150 किलो मिलावटी आटा जब्त किया गया.
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने ज्योति खुडिया क्षेत्र में संचालित एक अवैध आटा फैक्ट्री पर छापेमारी कर भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की है. कार्रवाई के दौरान मिले सामान ने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है.
आटे में मिलावट की आशंका, 2,150 किलो टैल्कम पाउडर बरामद
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से 43 बोरियों में भरा करीब 2,150 किलोग्राम टैल्कम पाउडर बरामद किया गया। अधिकारियों को आशंका है कि इस कॉस्मेटिक ग्रेड पाउडर का इस्तेमाल आटे में मिलावट कर उसकी मात्रा बढ़ाने के लिए किया जा रहा था। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
बिना लाइसेंस चल रही थी यूनिट, फैक्ट्री सील
एफएसडीए अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान फैक्ट्री संचालक वैध लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इससे स्पष्ट हुआ कि यूनिट बिना अनुमति के संचालित की जा रही थी। इसके बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री को बंद करा दिया और परिसर को सील कर दिया.
नमूने जांच के लिए भेजे गए
खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से आटे और बरामद टैल्कम पाउडर के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेज दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट मिलने के बाद मिलावट की पुष्टि होने पर मिल मालिक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है.
