पेपर लीक, लंबित भर्तियों को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का ”छात्रों की गूंज” कार्यक्रम शनिवार को प्रयागराज में होने जा रहा है. केपी इंटर कॉलेज मैदान में राहुल गांधी लगभग ढाई घंटे छात्रों-युवाओं से संवाद करके केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरेंगे.
प्रयागराज: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज (8 अगस्त 2026) प्रतियोगी परीक्षाओं की नगरी प्रयागराज के दौरे पर हैं. इस दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्रों में भारी उत्साह देखा जा रहा है. राहुल गांधी अपने इस दौरे के दौरान केपी कॉलेज मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए प्रतियोगी छात्रों, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे. राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेसी उत्साहित हैं.
पढ़िए राहुल गांधी का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी के पहले से तय शेड्यूल में बड़ा बदलाव हुआ है और माना जा रहा है कि वे तय समय से करीब दो घंटे पहले प्रयागराज आ रहे हैं.
दोपहर 01:15 बजे / 03:15 बजे: विशेष विमान से बमरौली सिविल एयरपोर्ट पर उनका आगमन!
दोपहर 02:15 बजे / 04:15 बजे: बमरौली एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा ऐतिहासिक आनंद भवन / स्वराज भवन पहुंचेंगे!
स्वराज भवन में बैठक: राहुल गांधी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारियों के साथ आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श करेंगे.
शाम 06:00 से रात 08:30 बजे: केपी इंटर कॉलेज मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
रात 08:30 बजे: कार्यक्रम संपन्न होने के बाद बमरौली एयरपोर्ट के लिए रवानगी.
रात 09:30 बजे: विशेष विमान से वापस दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे.
‘छात्रों की गूंज’ में करेंगे युवाओं से संवाद
केपी ग्राउंड में आयोजित इस गैर-राजनीतिक छात्र संवाद में 1 लाख से अधिक युवाओं के जुटने का लक्ष्य रखा गया है. मंच पर राहुल गांधी अकेले रहेंगे और छात्रों से सीधे उनके सवाल सुनेंगे. इस दौरान वे मुख्य रूप से इन ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे. राहुल गांधी पेपर लीक का मुद्दा, परीक्षाओं की धांधली,छात्र आंदोलन और फीस वृद्धि, बेरोजगारी और रुकी भर्तियां पर बात करेंगे.
विवादों के बाद अनुमति, ट्रैफिक और सुरक्षा प्लान में बदलाव
केपी ट्रस्ट द्वारा पहले अनुमति रद्द किए जाने और फिर देर रात शर्तों के साथ दोबारा हरी झंडी मिलने के बाद अब स्थिति पूरी तरह साफ है. राहुल गांधी का आगमन 2 घंटे पहले होने और आनंद भवन में ठहराव का समय बढ़ने के कारण प्रयागराज पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा व ट्रैफिक ड्यूटी में आवश्यक बदलाव किए हैं. एयरपोर्ट, स्वराज भवन और केपी ग्राउंड के पूरे रूट पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं ताकि आम जनता को ट्रैफिक की समस्या न हो.
