Mathura News:श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति अभियान के तहत आज गोवर्धन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मुद्दे को लेकर विशेष हवन-पूजन और यज्ञ का आयोजन किया जाएगा. इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से साधु-संत गोवर्धन पहुंच रहे हैं. हवन आयोजन को लेकर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. कार सेवा फिलहाल स्थगित की गई है.
श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए विशेष महायज्ञ
गोवर्धन में आयोजित हो रहे इस हवन-पूजन में साधु-संत श्रीकृष्ण जन्मभूमि के संकल्प को लेकर आहुतियां डालेंगे. चित्रगुप्त पीठ और अखाड़ा परिषद से जुड़े संतों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ संपन्न कराया जाएगा. संतों का कहना है कि यह धार्मिक अनुष्ठान ब्रजभूमि की शांति, सनातन परंपरा और श्रीकृष्ण जन्मस्थान के संकल्प को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जा रहा है.
हरिद्वार, काशी, प्रयागराज से संत आ रहे मथुरा
संतों के इस समागम में कारसेवा की रूपरेखा तय की जाएगी. हरिद्वार, काशी, प्रयागराज और अयोध्या समेत कई जगहों से बड़ी संख्या में संत मथुरा पहुंच रहे हैं. संतों का यज्ञ आज से शुरू होगा, जो मंदिर निर्माण होने तक जारी रखने की बात कही गई है. कारसेवा के लिए राजस्थान के भरतपुर स्थित बंसी पहाड़ से गुलाबी पत्थर मथुरा पहुंचने शुरू हो गए हैं.
कार सेवा का सार्वजनिक आह्वान टला
पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 अगस्त को कार सेवा का सार्वजनिक आह्वान टाल दिया गया है, लेकिन आश्रम परिसर में ही धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे. उन्होंने दावा किया कि राजस्थान से मंगवाए गए इन पत्थरों का उपयोग श्रीकृष्ण जन्मभूमि के भव्य मंदिर निर्माण के लिए किया जाएगा. वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन होगा.
स्वामी सच्चिदानंद के अनुसार, 9 अगस्त को चित्रगुप्त पीठ पर शास्त्रों में वर्णित विधि-विधान के अनुसार शिला पूजन किया जाएगा. इस दौरान-प्रकांड विद्वानों द्वारा वैदिक ऋचाओं के पाठ के साथ अनुष्ठान शुरू होगा. विश्व कल्याण और जन्मभूमि के निर्विघ्न निर्माण के संकल्प के साथ हवन किया जाएगा. इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के कई प्रमुख संतों, महंतों और धर्मचार्यों की मौजूदगी रहेगी.
चप्पे-चप्पे पर पहरा
मथुरा में 9 अगस्त को लेकर पहले से ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर हैं. गोवर्धन में साधु-संतों के बड़े जमावड़े को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है.
