TMC छात्र परिषद के मंच से ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने 14 हजार केसों का जिक्र करते हुए सुप्रीम कोर्ट के बाद इंटरनेशनल कोर्ट जाने का इशारा किया. मंच से उन्होंने इसको लेकर बड़ी बात कही है.
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस के मंच से बोलते हुए इंटरनेशनल कोर्ट जाने का इशारा किया. उनका साफ संदेश है कि तृणमूल (TMC) को दबाया नहीं जा सकता. चाहे कितने भी केस दर्ज हों, वे इसके खिलाफ लड़ेंगी. अगर जरूरत पड़ी तो वे इंटरनेशनल भी जाएंगी.
आपको बता दें कि 21 जुलाई के बाद से दोनों तृणमूल में छात्र परिषद के स्थापना दिवस को लेकर खींचतान चल रही है. कालीघाट तृणमूल को बिरला तारामंडल के सामने मीटिंग करने की इजाजत दी गई है.
जेल का खाना खाएं लेकिन बीजेपी का नहीं-ममता
वहीं पर आज तृणमूल छात्र परिषद का स्थापना दिवस हो रहा है. ममता बनर्जी ने कार्यक्रम के मंच से छात्रों और कार्यकर्ताओं को संदेश देते हुए कहा कि छात्र और युवाओं को सड़कों पर उतरकर विरोध करना चाहिए. जरूरत पड़ी तो जेल जाएं. एक महीने तक जेल का खाना खाएं, लेकिन BJP का खाना न खाएं.
ममता ने मंच से दी चेतावनी
ममता बनर्जी ने बीजेपी को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि आपने 14 हजार केस किए हैं? कल्याण बनर्जी सुप्रीम कोर्ट में लड़ रहे हैं, मैं भी जाऊंगी. जरूरत पड़ी तो इंटरनेशनल कोर्ट जाऊंगी. याद रखना, सरकार भी एक्सपोज होगी. अरेस्ट करने वाले भी एक्सपोज होंगे. फिर देखती हूं.
लोगों से लूंगी परमिशन
ममता बनर्जी ने कहा कि वह जिलों का दौरा शुरू करेंगी. अगर उन्हें वहां परमिशन नहीं मिली तो वह सड़कों पर उतरेंगी. उन्होंने पुलिस को जुलूस और मीटिंग के लिए परमिशन लेने के बारे में चेतावनी दी और कहा कि डेमोक्रेटिक मूवमेंट, मैं बार-बार कोर्ट से परमिशन क्यों लूं? कोर्ट में बहुत सारे केस हैं. आप कोर्ट का टाइम क्यों बर्बाद कर रहे हैं? अब से अगर पुलिस परमिशन नहीं देगी, तो मैं लोगों से परमिशन लूंगी.
बीजेपी पर जमकर साधा निशाना
इस दौरान ममता बनर्जी ने कहा कि प्रशासन ने गद्दारों की रैली के लिए सुबह 9 बजे से मेरे घर के साथ सभी सड़कें बंद कर दीं, लेकिन यहां से गाड़ियों को गुजरने की परमिशन देकर वे जनता को परेशान कर रहे हैं. अगर कोई दुर्घटना होती है, तो आप जिम्मेदारी से इसे संभाल नहीं पाएंगे. मैं पुलिस से एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनाने में सहायता करने का अनुरोध करूंगी और हमारे कार्यकर्ता मदद करेंगे मैं अपने कार्यकर्ताओं से पुलिस के साथ सहयोग करने का आग्रह करती हूं.
