मुजफ्फरनगर में एक महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देने, दहेज के लिए मारपीट करने और एक किन्नर के साथ फरार होने का आरोप लगाया है. इसको लेकर पीड़िता ने SSP से शिकायत कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है.
मुजफ्फरनगर में एक महिला ने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि पति ने उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया और एक किन्नर के साथ फरार है. महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग करते थे. जिसके पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी. महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ इंसाफ के लिए SSP से शिकायत की. इस दौरान उसने कहा कि मैं अपने पति के खिलाफ शिकायत करने आई हूं. वह एक किन्नर के साथ चला गया है. करीब 4 महीने से उसका कोई फोन या मैसेज नहीं आया.
रिश्तेदार के यहां रह रही पीड़िता
पीड़ित महिला नाजिया ने बताया कि वह शामली की रहने वाली है. लगभग 6 साल पहले उसकी शादी मुजफ्फरनगर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आर्यपुरी निवासी इस्तिखार बेग के साथ हुई थी. महिला का कहना है कि शादी के समय उसके मायके वालों ने दहेज दिया था, लेकिन ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे. महिला के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद से ही और भी दहेज की मांग शुरू हो गई. जब मांग पूरी नहीं होती तो उसके साथ मारपीट की जाती थी. नाजिया के तीन बच्चे हैं. पति के घर से निकालने के बाद वह बच्चों को लेकर अपने मायके पक्ष के रिश्तेदार के यहां रह रही है.
दुपट्टे से गला घोंटने की कोशिश
महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति का शादी से पहले से ही जोया नाम की एक किन्नर से संबंध था. महिला ने दावा किया कि उसके पास पति और किन्नर के साथ होने के वीडियो भी मौजूद हैं और उसका पति कई बार जोया को घर भी लेकर आया था. इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि पति, नन्दोई और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की. इसी दौरान दुपट्टे से उसका गला घोंटने की कोशिश भी की गई, जिससे वह बेहोश हो गई.
ससुराल पर कार्रवाई की मांग
पीड़िता अपने 3 बच्चों के साथ इंसाफ की मांग को लेकर मुजफ्फरनगर एसएसपी कार्यालय पहुंची. उसने प्रार्थना पत्र देकर पति और ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. महिला ने कहा कि पति के घर छोड़कर चले जाने के बाद वह बच्चों को लेकर परेशान है. काफी समय से अपने मामा के घर रह रही है. उसका कहना है कि वह अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ कार्रवाई चाहती है.
