आजम खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं. जानकारी के मुताबिक हज कमेटी की जमीन बिक्री में अनियमितता और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के मामले में विजिलेंस ने आजम खान समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है.
समाजवादी पार्टी के बड़े नेता आजम खान की मुश्किलें फिर एक बार बढ़ गई हैं. इस बार जमीन बिक्री में अनियमितता और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के मामले में विजिलेंस ने आजम खान समेत 5 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. विजिलेंस की जांच में लगभग 2.8 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात सामने आई है. आरोप है कि नियमों के विरुद्ध जमीन की बिक्री कर निजी फर्मों को फायदा पहुंचाया गया.
60 हजार वर्ग फुट जमीन का मामला
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला लखनऊ के ऐशबाग इलाके के कायमखेड़ा में मौजूद हज कमेटी की लगभग 60 हजार वर्ग फुट जमीन से जुड़ा है. यह जमीन कायमखेड़ा के खसरा संख्या 117 में दर्ज थी. आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर जमीन की बिक्री की गई, जिससे सरकारी राजस्व को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ.
आजम खान समेत 5 लोगों पर FIR
आपको बता दें कि मामले में दर्ज की गई FIR में तत्कालीन हज समिति के अध्यक्ष आजम खान, तत्कालीन सचिव लईक अहमद और डॉक्टर एमए खान को आरोपी बनाया गया है. इसके अलावा अमिश डेवलपर्स के प्रोपराइटर मोहम्मद अयूब और मोहम्मद मुस्तकीम को भी आरोपी बनाया गया है. मामले में शासन ने 3 मई 2024 को जांच के निर्देश दिए थे. विजिलेंस जांच के बाद अब आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार समेत कई संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
