उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीति तेज हो गई है. चुनाव के लिए बीजेपी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं. बीजेपी ने कोर कमेटी की बैठक की और इसमें कई मुद्दों पर चर्चा की गई. प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति पर भी मंथन हुआ.
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है. बीजेपी मुख्यालय में कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें सबसे ज्यादा फोकस चुनाव जीतने और प्रदेश में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाने की रणनीति पर रहा. करीब 2 घंटे से ज्यादा समय तक चली इस बैठक में संगठन से लेकर सरकार और सोशल मीडिया तक कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. कोर कमेटी की बैठक में इस बात पर विशेष मंथन हुआ कि पार्टी की चुनावी तैयारियों और अभियानों को किस तरह गांव स्तर तक पहुंचाया जाए और ज्यादा से ज्यादा लोगों को संगठन से जोड़ा जाए.
जनता तक योजनाएं पहुंचने पर जोर
कोर कमेटी में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सरकार की ओर से लाई गई नई योजनाओं और जनकल्याणकारी कामों को जनता के बीच ले जाने पर भी चर्चा हुई. इस बार पार्टी का फोकस इस बात पर है कि सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचे और उन्हें चुनावी मुद्दे के तौर पर प्रभावी ढंग से पेश किया जा सके.बैठक में सोशल मीडिया को लेकर भी खास रणनीति बनी. पार्टी और उसके नेताओं को सोशल मीडिया पर अपना पक्ष मजबूती से रखने, सरकार के कामों का प्रचार करने और विपक्ष के मुद्दों का जवाब देने को लेकर चर्चा हुई.
इस बार बीजेपी की कोशिश है कि 2027 के चुनाव से पहले सोशल मीडिया के जरिए अपना नैरेटिव मजबूत किया जाए और विपक्ष के हमलों का तुरंत जवाब देने के लिए संगठन को और भी ज्यादा सक्रिय किया जाए. बैठक में प्रदेश की नई कार्यसमिति के गठन को लेकर भी चर्चा की गई है. माना जा रहा है कि जल्द ही नई प्रदेश कार्यसमिति का गठन किया जा सकता है. इसमें संगठन को चुनावी जरूरतों के हिसाब से मजबूत करने और क्षेत्रीय व सामाजिक समीकरणों को साधने पर भी पार्टी का जोर रहेगा.
जेन जी को साधने की तैयारी
विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए युवा मतदाताओं और खासकर Gen-Z तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई है. जानकारी के मुताबिक डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और नए अभियानों के जरिए युवाओं को बीजेपी से जोड़ने की रणनीति तैयार की जा रही है.
