कानपुर में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक छात्र जम्मू का रहने वाला था. वह कानपुर में किराए के मकान में मृत मिला. शुरूआती जांच में महिला मित्र से झगड़े की बात सामने आयी है.
उत्तर प्रदेश में कानपुर में एक दर्दनाक घटना हुई है. यहां रावतपुर थाना क्षेत्र के छोटा लखनपुर-विनायकपुर इलाके में किराए के मकान में रहने वाले विश्वविद्यालय के एक छात्र की फांसी लगाने से मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक मृतक जम्मू का रहने वाला है. मृतक छात्र कानपुर में रहकर पढ़ाई कर रहा था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक युवक की महिला मित्र उसे हैलट अस्पताल लेकर पहुंची थी, जहां उसने डॉक्टरों को बताया था कि युवक ने फांसी लगा ली है.
महिला मित्र के साथ हुआ झगड़ा
बताया जा रहा है कि छात्र विनायकपुर में किराए के मकान में रहता था. रविवार को उसकी महिला दोस्त उसे गंभीर हालत में लेकर हैलट अस्पताल पहुंची थी. इस दौरान अस्पताल में डॉक्टरों को बताया गया कि युवक ने फांसी लगा ली है. डॉक्टरों ने छात्र की जांच की और उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को हैलट अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया और घटना की सूचना पुलिस को दी. मामले की सूचना मिलने के बाद रावतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई. शुरुआती जांच के मुताबिक युवक का महिला मित्र के साथ झगड़ा हुआ था, जिसके बाद उसने खौफनाक कदम उठाया.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना के बाद पुलिस ने छात्र के किराए के मकान और घटनास्थल से जुड़ी जानकारी को जुटाना शुरू कर दिया है. पुलिस छात्र के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि छात्र ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया. वहीं पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी है. फिलहाल पुलिस की ओर से छात्र की पहचान और घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
मृतक के परिजनों को दी सूचना
आपको बता दें कि फिलहाल अभी तक छात्र की मौत के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है. पुलिस छात्र के मोबाइल फोन और दूसरी जरूरी जानकारी के आधार पर भी मामले की पड़ताल कर सकती है. पुलिस इन पहलुओं की भी जांच कर रही है कि घटना से पहले छात्र की किन लोगों से बातचीत हुई थी और उसकी मानसिक या निजी परिस्थितियां कैसी थीं. मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है.
