मथुरा के कोसीकलां सराफा बाजार में एक व्यापारी की दुकान से करोड़ों रुपये की बड़ी चोरी हुई है. बताया जा रहा है कि शातिर चोर ज्वैलरी दुकान से करीब 10 किलो सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया. SSP ने जांच के लिए 4 टीमें गठित की हैं.
उत्तर प्रदेश में मथुरा के कोसीकलां में मौजूद सराफा बाजार में जुगल किशोर अमित कुमार ज्वैलर्स की दुकान में करोड़ों की चोरी हुई है. चोर दुकान से करीब 10 किलो सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया. हालांकि हैरानी की बात यह है कि दुकान से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर पुलिस पिकेट तैनात रहती है.
इस घटना के बाद व्यापारियों में भारी आक्रोश है और उन्होंने मंगलवार शाम तक खुलासा न होने पर बाजार बंद रखने की चेतावनी दी है. अपको बता दें कि भरत मिलाप चौक के पास सराफा बाजार में जुगल किशोर अमित कुमार की ज्वैलरी की दुकान है. रविवार शाम करीब सात बजे जुगल किशोर के बेटे वरुण दुकान बंद कर बलदेव गंज स्थित अपने घर चले गए थे.
तिजोरो से गायब किए आभूषण
अगले दिन सोमवार सुबह जब वरुण दुकान खोलकर अंदर पहुंचे तो एक कमरे का ताला जला हुआ मिला. जब उन्होंने स्ट्रांग रूम की जांच की तो तिजोरी से करीब 10 किलो सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये नकद गायब मिले. तिजोरी पर किसी तरह के तोड़फोड़ के निशान नहीं मिले हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि चोर ने चाबी से तिजोरी खोली और माल लेकर फरार हो गया.
7 घंटे दुकान में रहा चोर
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोर पीछे के रास्ते से छत पर पहुंचा और वहां लगा जाल काटकर वह दुकान के अंदर घुस गया. इसके बाद स्ट्रांग रूम के बाहर लगे कमरे का ताला तोड़कर वह अंदर पहुंचा. चोर ने केवल असली सोने के आभूषण और नकदी को निशाना बनाया. पुलिस के मुताबिक चोर रात करीब 10 बजे दुकान में दाखिल हुआ और सुबह करीब 5 बजे बाहर निकला. यानी वह लगभग 7 घंटे तक दुकान के अंदर मौजूद रहा और बेहद इत्मीनान से वारदात को अंजाम देता रहा. दुकान में लगे CCTV कैमरों में उसकी गतिविधियां कैद ना हो पाएं, इसके कारण वह दुकान में लगा DVR भी अपने साथ ले गया, जिससे पुलिस को फुटेज से उसकी पहचान न हो सके.
SSP ने गठित की 4 टीमें
हालांकि पुलिस इस मामले में आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. एक नजदीकी CCTV कैमरे में कंधे पर बैग लटकाए एक संदिग्ध नजर आया है. पुलिस अब उसकी पहचान और आने-जाने के रास्ते की जांच में जुटी है. आपको बता दें कि SSP श्लोक कुमार ने वारदात के खुलासे के लिए 4 पुलिस टीमें गठित की हैं. टीमें मौके से इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाने के साथ संदिग्धों की तलाश में लगी हैं. फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली जा रही है.वारदात की जानकारी मिलने के बाद SSP श्लोक कुमार मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को जल्द खुलासे का भरोसा दिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए DIG शैलेश पांडे भी रात में कोसी पहुंचे.
