नोएडा में एक युवक ने पत्नी को इम्प्रेस करने के लिए कार चोरी की. उसने पत्नी से खुद कार खरीदने की बात कही. पुलिस ने कार चोरी के मामले में व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है. जांच में सामने आया कि आरोपी ड्राइवर के तौर पर काम करता था.
नोएडा में पत्नी से चल रहे विवाद को खत्म करके उसे खुश करने के लिए एक युवक ने कार चोरी कर ली. चोरी की कार लेकर वह पत्नी के पास पहुंच गया और उसे बताया कि कार खरीदकर लाया है. हालांकि उसकी यह चाल ज्यादा दिन तक नहीं चल सकी. कार चोरी की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पति की हरकत से पत्नी भी हैरान है. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है.
पत्नी से चल रहा था विवाद
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की पहचान एटा निवासी 22 साल के अरुण के रूप में हुई है. वह नोएडा के सेक्टर-63 में मौजूद छजरसी में किराये के मकान में रहता था और ड्राइवर का काम करता था. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था. वह पत्नी को मनाना चाहता था और उसे प्रभावित करने के लिए कार लेकर उसके पास पहुंचना चाहता था. इसी वजह से उसने कार चोरी करने की योजना बनाई.
मौका देखकर चोरी की कर
पुलिस के मुताबिक गाजियाबाद निवासी एक युवती टैटू आर्टिस्ट है. वह इंटरव्यू देने के लिए नोएडा के सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग पहुंची थी. इस दौरान युवती ने अपनी कार पार्किंग में खड़ी की और इंटरव्यू के लिए चली गई. जिसके बाद अरुण ने मौका पाकर पार्किंग से कार चोरी कर ली और वहां से फरार हो गया. कुछ समय बाद जब युवती वापस पार्किंग पहुंची तो उसकी कार गायब थी. उसने मामले की सूचना पुलिस को दी. शिकायत के आधार पर सेक्टर-20 थाने में कार चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया.
पुलिस ने बरामद की कार
मामले की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की कार लेकर आरोपी एटा की ओर जाने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद पुलिस ने सभी रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी और चेकिंग अभियान शुरू किया. इसी दौरान सेक्टर-20 पुलिस ने डीएलएफ मॉल की ओर जाने वाले रास्ते पर आरोपी को पकड़ लिया. पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की कार बरामद कर ली. जांच में सामने आया कि कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी. पुलिस ने तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से असली नंबर प्लेट भी बरामद कर ली है.
