मथुरा में समाजवादी पार्टी के नेता के ऊपर गंभीर आरोप लगे हैं. नेता के ऊपर महिला को लगातार मैसेज करने और उससे आपत्तिजनक बात करने के आरोप हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
मथुरा में समाजवादी पार्टी के नेता डॉ. राजन रिजवी के ऊपर महिला बैंककर्मी को लगातार वाट्सऐप पर मैसेज करने और आपत्तिजनक तरीके से बातचीत करने के आरोप लगे हैं. महिला की शिकायत पर पुलिस ने नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है. इस बीच मामले से जुड़ी वाट्सऐप चैट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
काम के सिलसिले में हुई थी मुलाकात
महिला बैंक कर्मी ने पुलिस को शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात राजन रिजवी से बैंक से जुड़े काम के सिलसिले में हुई थी. आरोप है कि इसी दौरान राजन रिजवी ने उसका निजी मोबाइल नंबर लिया था. इसके बाद से उसे लगातार वाट्सऐप मैसेज भेजे जाने लगे.
गतिविधियों पर नजर रखने की कोशिश
महिला का कहना है कि इन मैसेज से वह असहज हुई और उसने राजन रिजवी का नंबर ब्लॉक कर दिया. आरोप है कि इसके बाद भी उसकी निजी जानकारी जुटाने और उसकी गतिविधियों पर नजर रखने की कोशिश की गई.
महिला को बताया एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी
सोशल मीडिया पर अब चैट्स भी वायरल हो रही हैं. चैट में राजन रिजवी ने महिला की तारीफ करते हुए उसे ‘एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी महिला’ और ‘कंप्लीट वुमन’ बताया है. उसकी खूबसूरती, व्यक्तित्व और काम की भी तारीफ की है.
चैट में लिखा कि मेरे शब्दों से आपका दिल हर्ट हुआ है, तो मैं आपसे माफी मांगता हूं. वैसे मैंने कोई बात आपसे ऐसी नहीं कही, जो मर्यादा के खिलाफ हो. आप एक एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी महिला हैं. खूबसूरत होने के साथ आपकी सीरत बहुत अच्छी है.
नेता को कर दिया निष्कासित
आपको बता दें कि रिजवी समाजवादी पार्टी की अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश महासचिव भी रह चुके हैं. चैट वायरल होने और मामला सामने आने के बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है. महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अब शिकायत, कथित चैट और महिला की ओर से लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है.
