मध्य प्रदेश से BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने ओवैसी पर पलटवार किया. शर्मा के काजी कैंप वाले बयान पर विवाद हुआ था. जिसके बाद ओवैसी ने हमला किया था. अब विधायक ने ओवैसी को बदतमीजी की भाषा छोड़ने की नसीहत दी है.
मध्य प्रदेश के बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने AIMIM नेता और सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर पलटवार किया. इस दौरान उन्होंने तीखी भाषा का भी इस्तेमाल किया. शर्मा ने ओवैसी को नसीहत दी कि अगर वह खुद को बैरिस्टर कहते हैं तो उन्हें बदतमीजी की भाषा से बचना चाहिए. इस दौरान रामेश्वर शर्मा ने कहा कि ओवैसी बैरिस्टर हो तो बदतमीजी की भाषा छोड़ दो. उन्होंने आगे कहा कि वह भारत में रहने वाले किन्नर समुदाय का भी सम्मान करते हैं.
ऑपरेशन सिंदूर का किया जिक्र
विधायक शर्मा ने कहा कि अगर वह बदतमीजी की भाषा बोलेंगे तो उनसे पूछा जाएगा कि क्या तुम किन्नर की संतान हो. रामेश्वर शर्मा ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की गई मिसाइलों ने पाकिस्तान में आतंकवाद के ठिकानों को जवाब दिया है. जब मिसाइल इस्लामाबाद में गिरी तो वहां आतंकवादी और इस्लामी कट्टरपंथी रो रहे थे और भारत में नए-नए जिन्ना छाती पीट रहे थे.
‘मिसाइल तैयार रहेगी‘
बीजेपी विधायक ने कहा कि मिसाइल चलती थी और चलती रहेगी. उन्होंने दावा किया कि जहां भी आतंकवाद या भारत विरोधी शिविर होंगे, वहां के लिए मिसाइल तैयार रहेगी. रामेश्वर शर्मा ने ओवैसी से कहा कि वह उनका पूरा भाषण सुनें और अगर कोई आपत्ति है, तो आप वकील हैं, अदालत ले जाइए’ बता दें कि 6 सितंबर को करोंद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने मंच से विवादित बयान दिया था.
ओवैसी ने दिया जवाब
रामेश्वर शर्मा ने बयान में कहा था कि करोंद चौराहे से मिसाइल छोड़ो तो काजी कैंप में जाकर गिरे. उनके इस बयान के बाद विवाद बढ़ा तो रामेश्वर शर्मा ने सफाई देते हुए कहा था कि उनके बयान का मतलब भोपाल के काजी कैंप से नहीं, बल्कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद स्थित काजी कैंप से था. हालांकि ओवैसी ने चुनौती देते हुए कहा कि रामेश्वर शर्मा, तुम माई के लाल हो तो चलाओ, मैं काजी कैंप में खड़ा मिलूंगा.’
रामेश्वर शर्मा ने फिर से किया पलटवार
आपको बता दें कि बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने UCC को लेकर कहा कि राजनीतिक दल हिंदुओं के वोट के लिए हिंदू भावनाओं की बात करते हैं, लेकिन अगर देश की 80 फीसदी आबादी हिंदू कानून मानती है तो बाकी लोगों को इसे मानने में क्या परेशानी है. शर्मा ने बहुविवाह, हलाला और तलाक जैसी प्रथाओं का विरोध करते हुए कहा कि देश में सभी के लिए समान कानून होना चाहिए, यूसीसी लागू होगा अर्थात लागू होगा और बाबा साहब अंबेडकर की भावना के मुताबिक ही होगा.
