रांची में BIT मेसरा हॉस्टल में एक छात्रा का शव बरामद हुआ है. बताया जा रहा है कि छात्रा लंबे समय तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकली, जिसके बाद उसकी दोस्तों ने झाँककर देखा तो फंदे से लटका हुआ शव दिखाई दिया.
झारखंड की राजधानी रांची में मौजूद बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (BIT Mesra) के हॉस्टल में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बीआईटी थाना क्षेत्र में स्थित संस्थान के हॉस्टल नंबर-9 के कमरे में छात्रा का शव फंदे से लटका मिला. जानकारी मिलते ही पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
शाम को कमरे में गई थी छात्रा
मृतका की पहचान गोड्डा जिले की रहने वाली अंजली सुमन के रूप में की गई है. अंजली BIT मेसरा में MSC की छात्रा थी और हॉस्टल नंबर-9 में रहकर पढ़ाई कर रही थी. बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम वह कॉलेज से लौटने के बाद अपने कमरे में चली गई थी. इसके बाद काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं निकली.
मौके पर पहुंची पुलिस
बताया जा रहा है कि रात के समय जब छात्राएं डिनर के लिए जाने लगीं, तब अंजली के कमरे का दरवाजा बंद था. उसकी दोस्तों ने जब काफी देर तक उसे बाहर नहीं देखा तो उन्हें शक हुआ. इसके बाद उन्होंने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. जब लोगों ने अंदर झांककर देखा तो अंजली पंखे से फंदे के सहारे लटकी हुई दिखाई दी. जिसके बाद संस्थान की ओर से घटना की जानकारी बीआईटी थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम हॉस्टल पहुंची और छात्रा के शव को नीचे उतरवाया.
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने छात्रा के कमरे की तलाशी भी ली, लेकिन शुरुआती जांच में वहां से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. फिलहाल अभी तक साफ नहीं हुआ है कि अंजली ने यह कदम क्यों उठाया. अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. छात्रा के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है. अब पुलिस परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया पूरी करेगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
