संभल में DM की टीम ने 128 परिषदीय स्कूलों की एक साथ जांच की. इस दौरान स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था की जांच की गई. निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक को सस्पेंड किया गया, जबकि 7 प्रधानाध्यापकों और इंचार्ज शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया.
उत्तर प्रदेश के संभल में सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. संभल शिक्षा मंत्री गुलाब देवी का गृह जिला है. यहां के गुन्नौर ब्लॉक में प्रशासन ने सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं की बड़े पैमाने पर जांच की. यहां DM की टीम 128 स्कूलों पर एक औचक निरीक्षण के लिए पहुंची. डीएम की टीमों को देखकर स्कूलों में हड़कंप मच गया.
1 शिक्षक निलंबित
जानकारी के मुताबिक 128 परिषदीय स्कूलों में एक साथ पहुंची टीमों ने बच्चों की उपस्थिति, शिक्षकों की अटेंडेंस, पठन-पाठन और मिड-डे मील की व्यवस्था को देखा. जांच के दौरान कमियां मिलने पर एक शिक्षक को निलंबित किया गया, वहीं इसके साथ ही 7 स्कूलों के प्रधानाध्यापक और इंचार्ज शिक्षकों के वेतन पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई है. डीएम अंकित खंडेलवाल ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.
कई स्कूलों में मिली कमियां
बताया जा रहा है कि जांच में देखा जा रहा है कि मीनू के मुताबिक स्कूलों में भोजन मिल रहा है या नहीं, फल-दूध का वितरण, खाद्य सामग्री, बर्तनों की साफ-सफाई, खाद्यान्न का भंडारण और रसोइयों की व्यवस्था तक की जांच की गई. जांच में कमियां मिलने पर ग्राम पंचायत मुड़ेना के प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज अध्यापक खजनपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया.
ग्राम प्रधानों को भी 95-G के नोटिस जारी
आपको बता दें कि मुड़ेना, घुघैया, पाठकपुर, बाजपुर, जड़वार, गंगावास और गुन्नौर अब्दुलहई के स्कूल इस सूची में शामिल हैं. संबंधित शिक्षकों से तीन दिन में साक्ष्य सहित स्पष्टीकरण मांगा गया है. वहीं मिड-डे मील में ग्राम प्रधानों की भूमिका को देखते हुए संबंधित प्रधानों को भी 95-G के नोटिस जारी किए गए हैं.
दूसरे ब्लॉकों में भी होगा एक्शन
डीएम ने इस दौरान कहा कि जिले के दूसरे ब्लॉकों में भी सरप्राइज इंस्पेक्शन जारी रहेंगे. प्रशासन की इस कार्रवाई का दायरा 128 सरकारी स्कूलों तक पहुंचा है. गुन्नौर में हुई इस जांच में शिक्षा व्यवस्था के कई पहलुओं को परखा गया और कमियां मिलने पर कार्रवाई भी की गई. अब प्रशासन का फोकस जिले के दूसरे ब्लॉकों पर है.
