Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में ठाणे पुलिस ने 3,500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है. खुलासे के मुताबिक आगरा की प्रिंटिंग प्रेस से कर्मचारियों ने जूतों के सोल में छिपाकर महज 8 हजार रुपये के लिए प्रश्न पत्र चुराए थे.

Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में एक बेहद हैरान करने वाला खुलासा हुआ है. ठाणे पुलिस ने इस मामले में भिवंडी की स्थानीय अदालत में करीब 3,500 पन्नों की चार्जशीट पेश की है. पुलिस के इस खुलासे के मुताबिक आगरा की एक प्रिंटिंग प्रेस के कर्मचारियों ने प्रश्न पत्र चुराए थे. उन्होंने चेकिंग से बचने के लिए पर्चे को अपने जूतों के सोल के नीचे छिपाया था. ताज्जुब की बात यह है कि देश भर के लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले इस पर्चे को कर्मचारियों ने महज आठ हजार रुपये में बाहर निकाल दिया था.
भिवंडी कोर्ट में दाखिल हुई 3500 पन्नों की चार्जशीट
भिवंडी अदालत में पेश की गई इस लंबी-चौड़ी चार्जशीट में कुल 18 लोगों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस इस अंतरराज्यीय गिरोह के मास्टरमाइंड ब्रिजेंद्र गुप्ता समेत 16 आरोपियों को अब तक गिरफ्तार कर चुकी है. वहीं गिरोह के दो अन्य मुख्य साथी अशोक साव और प्रकाश मिसल अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. अधिकारियों का कहना है कि बाकी बचे फरार संदिग्धों की तलाश जारी है. मामले में आगे की जांच पूरी होने के बाद कोर्ट में एक पूरक चार्जशीट भी दाखिल की जाएगी.
नकली ग्राहक बनकर पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
यह पूरा गोरखधंधा 28 जून को होने वाली परीक्षा से ठीक एक दिन पहले उजागर हुआ था. पुलिस उपायुक्त पवन बंसोड़ को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन लोग भिवंडी के एक व्यक्ति को TET का पर्चा बेचने की कोशिश कर रहे हैं. इसके बाद कोंगांव इलाके में पुलिस टीम ने नकली ग्राहक बनाकर एक जाल बिछाया. पुलिस ने मौके से संदिग्धों को पकड़ा और उनके पास से प्रश्न पत्रों के चार सेट बरामद किए. बाद में महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने पुष्टि की कि जब्त किए गए पर्चे पूरी तरह असली थे.
आगरा की प्रिंटिंग प्रेस से जूतों में छिपाकर चुराया पर्चा
जांच में सामने आया कि पेपर लीक का मुख्य केंद्र आगरा की ‘माहीम पाट्रन प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की प्रिंटिंग प्रेस थी. इसी प्रेस को TET परीक्षा की गोपनीय सामग्री छापने का काम दिया गया था. 15 से 17 जून के बीच प्रेस के कर्मचारियों ने सुरक्षा गार्डों की आँखों में धूल झोंक दी. Guard केवल कपड़ों की तलाशी लेते थे और जूतों पर ध्यान नहीं देते थे. इसी बात का फायदा उठाकर आरोपियों ने प्रश्न पत्र मोड़कर जूतों के सोल में छिपा लिए और आसानी से बाहर निकल गए.
सुरक्षा के लिए बने चारों सेट चुरा ले गए आरोपी
परीक्षा में धांधली रोकने के लिए राज्य सरकार ने TET के तहत प्रश्न पत्रों के चार अलग-अलग सेट तैयार करवाए थे. योजना यह थी कि परीक्षा वाले दिन इनमें से कोई एक सेट चुना जाएगा. लेकिन शातिर चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करते हुए चारों के चारों सेट चुरा लिए. इस बड़ी चोरी के बदले प्रेस के कर्मचारियों को सिर्फ आठ हजार रुपये नकद और आगरा में जमीन का एक टुकड़ा देने का लालच दिया गया था. इतने सस्ते सौदे में पूरी परीक्षा की गोपनीयता भंग कर दी गई.
बिहार से मिले सबूत, ओडिशा से भी जुड़ा है मास्टरमाइंड का तार
पुलिस के अनुसार इस पूरे रैकेट का मुख्य सरगना पूर्व कोचिंग टीचर ब्रिजेंद्र गुप्ता है. जांच में पता चला है कि ब्रिजेंद्र का पुराना रिकॉर्ड भी खराब रहा है और वह पहले ओडिशा में हुए पेपर लीक में शामिल रहा है. पुलिस ने अदालत में पैसों के लेन-देन के डिजिटल सबूत पेश किए हैं. इसके अलावा बिहार में गुप्ता के एक रिश्तेदार के ठिकाने से असली प्रश्न पत्र की कॉपी भी बरामद की गई है. इन ठोस सबूतों के आधार पर पुलिस आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की तैयारी में है.
