राजस्थान पुलिस की AGTF ने जोधपुर में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने यहां लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गिरोह के 2 शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि ये दोनों पंजाब में कई हत्याओं व गंभीर अपराधों में वांछित थे. पंजाब पुलिस ने दोनों के ऊपर 5 लाख का इनाम घोषित किया था.
राजस्थान पुलिस के अपराधी गिरोह रोधी विशेष कार्य बल (AGTF) ने जोधपुर में बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लॉरेंस-आरजू बिश्नोई गिरोह से जुड़े 2 शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जोधपुर पहुंचे थे. पंजाब पुलिस ने दोनों पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.
दोनों आरोपियों की मिली थी सूचना
जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिले के रहने वाले 23 साल के जसकरण सिंह उर्फ करण उर्फ सन्नी उर्फ कट्टा और 23 साल के राजिंदर सिंह उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है. AGTF के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. ने बताया कि पुलिस को दोनों के सिरोही में होने और वहां से जोधपुर की तरफ बढ़ने की सूचना मिली थी. इसके बाद जोधपुर कमिश्नरेट पुलिस के सहयोग से उनकी तलाश शुरू की गई.
होटल के कमरे में मारा था छापा
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कैलाश नगर स्थित होटल सनसिटी इन के कमरा नंबर 204 में छापा मारा. यहां से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक दोनों ने शुरुआत में अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करते हुए खुद को नवीन जाखड़ और आशू बताया था. हालांकि पूछताछ के दौरान उनकी वास्तविक पहचान सामने आई और दोनों ने पंजाब में वांछित अपराधी होने की बात स्वीकार की.
12 मामले हैं दर्ज
AGTF के अधिकारियों के मुताबिक दोनों आरोपी अबोहर के कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा और फाजिल्का के साहिल सेन की हत्या समेत कई आपराधिक मामलों में वांछित हैं. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब में दोनों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, लूट, संपत्ति संबंधी अपराध और शस्त्र अधिनियम सहित कुल 12 मामले दर्ज हैं.
आरोपियों के पास से सामान बरामद
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के पास से 83 ग्राम अफीम का दूध, एक रिवॉल्वर, 88,100 रुपये नकद, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं. बरामद सामान को जांच में शामिल कर आरोपियों के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
नेपाल से लौटे थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लगभग डेढ़ साल पहले हत्या की वारदातों को अंजाम देने के बाद नेपाल भाग गए थे. वहां से लौटने के बाद वे मध्य प्रदेश के रास्ते राजस्थान पहुंचे. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों जोधपुर में किसके संपर्क में थे. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उनकी यहां पहुंचने के पीछे वास्तविक योजना क्या थी. फिलहाल दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है.
