ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बाइक सवार लुटेरों ने ई-रिक्शा सवार युवती से iPhone 18 Pro छीन लिया. इसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए. युवती के मुताबिक उसने फोन सिर्फ 3 दिन पहले खरीदा था. घटना के बाद पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट से एक हैरान कर देने वह घटना सामने आई है. बिसरख थाना क्षेत्र इलाके में ई-रिक्शा में बैठी युवती से बाइक सवार 2 बदमाश नया iPhone 18 Pro छीन कर फरार हो गए. जानकारी के मुताबिक़ घटना एक मूर्ति गोल चक्कर के पास हुई. पीड़िता ने बताया कि उसने यह फोन सिर्फ़ 3 दिन पहले ही खरीदा था. वारदात के बाद पिता ने पुलिस से मामले की शिकायत की है. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.
पेमेंट करने के लिए निकाला मोबाइलजानकारी के मुताबिक ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में रहने वाली शुभी भंडारी सुबह अपने ऑफिस जाने के लिए ई-रिक्शा में बैठी थीं. जब ई-रिक्शा एक मूर्ति गोल चक्कर के पास पहुंचा, उन्होंने ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए अपना मोबाइल फोन निकाला. इस दौरान पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और पता पूछने के बहाने उनका ध्यान भटकाया. इसके बाद हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए.
पीड़िता के पति ने उठाए सवाल
पीड़िता के पति साकेत गुप्ता ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सुबह के समय पुलिस गश्त को लेकर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ रही है और सुबह के समय प्रमुख सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी कम दिखाई देती है.
दर्ज की ऑनलाइन FIR
मामले को लेकर थाना प्रभारी बिसरख रणजीत सिंह ने बताया कि पिता ने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज की है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.
बदमाशों ने पूछा फ़ोन का नाम
पीड़िता शुभी भंडारी के मुताबिक दो बाइक सवार हेलमेट पहने हुए युवक आकर रुके और एड्रेस पूछने लगे. जैसे ही उनकी फोन पर नजर पड़ी, तो उन्होंने पूछा कि क्या यह नया iPhone 18 Pro है. उन्होंने कहा कि हां. इतना कहते ही बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया और मौके से फरार हो गए.
