लखीमपुर खीरी में एक युवक ने स्कूल में फायरिंग कर दी. युवक ने पहले स्कूल की टीचर को गोली मारी, जिसके बाद ख़ुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद मौके पर पुलिस बल पहुँचा.
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ स्थित एक स्कूल में दिन दहाड़े फायरिंग से हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है इसमें एक युवक ने स्कूल में घुसकर पहले महिला टीचर की गोली मारकर हत्या कर दी. फिर उसी पिस्टल से ख़ुद को गोली मार ली. घटना शहर के शाहपुरा कोठी क्षेत्र स्थित चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल की है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.
सूचना पर पहुंची पुलिस
स्कूल के अंदर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों में दहशत फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की. पुलिस के मुताबिक मृत महिला टीचर की पहचान 26 साल की निशात फातिमा के रूप में हुई है. वहीं आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सऊद अंसारी के रूप में हुई है.
दोनों के बीच हुई कहासुनी
पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताए कि सोमवार की सुबह सऊद अंसारी स्कूल में टीचर निशात फातिमा से मिलने पहुंचा था. दोनों के बीच कुछ देर बातचीत भी हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी बातचीत के दौरान दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते सऊद ने तमंचा निकालकर निशात फातिमा को गोली मार दी. गोली लगते ही निशात फातिमा जमीन पर गिरीं और देखते ही देखते दम तोड़ दिया. इसके बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली और थोड़ी ही देर में उसकी भी मौत हो गई.
आवाज़ से मच गई अफरा तफ़री
आपको बता दे इस घटना से ठीक पहले स्कूल में नियमित कक्षाएं संचालित हो रही थीं. अचानक स्कूल कैंपस में फायरिंग की आवाज आते ही अफरा-तफरी मच गई. कई बच्चे डरकर इधर से उधर भागने लगे. स्कूल के टीचर्स ने पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में पुलिस बल, फोरेंसिक टीम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे.
