ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेज रफ्तार थार ने स्कूटी को टक्कर मार दी. इस दौरान स्कूटी सवार दंपति सड़क पर गिर गया. हादसे में 40 वर्षीय नीरज की मौत हो गई, वहीं उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस ने मामले में करवाई शुरू कर दी है.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक बार फिर से हिट एंड रन का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि बिसरख थाना क्षेत्र के इटेरा इलाके में तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार दंपति को टक्कर मार दी. इस हादसे में पति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं. हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है.
टक्कर लगते ही रोड पर गिरा दंपति
जानकारी के मुताबिक़ यह घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है. पुलिस ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि बिसरख क्षेत्र में थार और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हुई. थार का नंबर UP 14 GB 7267 और स्कूटी का नंबर UP 16 EE 2569 है. स्कूटी पर चिपियाना निवासी नीरज (40) अपनी पत्नी के साथ सवार थे. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने दोनों का इलाज शुरू किया, लेकिन इस दौरान नीरज ने दम तोड़ दिया. वहीं उनकी पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है. महिला का अस्पताल में इलाज जारी है.
घटना के बाद चालक हो गया फरार
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में ले लिया है. अब वाहन के आधार पर आरोपी चालक की पहचान और उसकी तलाश की जा रही है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, जिससे हादसे के बाद फरार हुए चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.
