यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा हादसा हुआ है. ग्रेटर नोएडा से महोबा जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस में आग लग गई. इस घटना 9 यात्रियों की मौत हो गई. बस में कुल 35 यात्री सवार थे.
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. नोएडा से करीब 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई. इस हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलकर और दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक़ हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से आगरा की तरफ जाते समय दयानतपुर गांव के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि प्राइवेट डबल डेकर बस जब दयानतपुर गांव के पास पहुंची, तो अचानक उसमें से धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं. आग की भनक लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा कर दिया. देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई.
मौके पर पहुँचा बचाव दल
घटना की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के निजी सुरक्षाकर्मी, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और बचाव दल ने काफ़ी देर मेहनत के बाद आग पर काबू पाया और झुलसे हुए यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
CM योगी ने लिया संज्ञान
इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक़ सीएम योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को तत्काल मौके पर और अस्पतालों में पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है. सीएम ने स्पष्ट कहा है कि हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों को बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.
आपको बता दे कि हादसे के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें हर संभव मदद प्रदान करें. प्रशासनिक स्तर पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है.
