उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में एक काली योगी बेटे ने अपनी ही माँ की हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक़ माँ ने आरोपी को 60 रुपए नहीं दिए थे. फ़िलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके मामले की जांच शुरू कर दी है.
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ नशे की लत में अंधे हुए एक बेटे की हैवानियत भरी करतूत की है. जिले के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रावतपुरा खुर्द गांव में गांजे के 60 रुपये न मिलने पर एक बेटे ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ आरोपी बेटा दो घंटे तक मां के खून से लथपथ शव के पास ही बैठा रहा. घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
गांजा के लिए मांगे 60 रुपये
घटना में मृतका की पहचान मूला देवी के रूप में हुई है. पुलिस और परिजनों के मुताबिक उनका छोटा बेटा मोहन सिंह यादव नशे का आदी है. वह दिन-रात गांजा, नशे के इंजेक्शन और अन्य ड्रग्स लेता रहता है. बुधवार को मोहन गांजा खरीदने के लिए अपनी मां से 60 रुपये मांग रहा था. जब मां ने पैसे न होने की बात कहकर देने से साफ मना कर दिया, तो दोनों के बीच तीखी बहस और झगड़ा शुरू हो गया. जिसके बाद गुस्से में आकर मोहन ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठाई और अपनी मां पर ताबड़तोड़ 4 वार कर दिए. गंभीर चोट लगने की वजह से मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
घर पर कोई नहीं था मौजूद
मृतका के देवर रामेश्वर यादव जब घर पहुंचे, तो उन्होंने अपनी भाभी को मृत अवस्था में पाया और पास में ही मोहन बैठा था. बड़े बेटे सोहन सिंह यादव को जब घटना की जानकारी मिली, तो ग्रामीणों के जुटने के बाद कुलपहाड़ पुलिस को तुरंत मामले की सूचना दी गई. मामले में जानकारी देते हुए CO कुलपहाड़ अनुरुद्ध कुमार ने बताया कि पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी मोहन को गिरफ्तार कर लिया गया है.
