इटावा में एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई होते हुए 3 लोगों को 30000 रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया. टीम ने यह करवाई शिकायत मिलने के बाद की है. इस करवाई के बाद जिला पूर्ति कार्यालय में हड़कंप मच गया है.
उत्तर प्रदेश के इटावा में एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. कानपुर से पहुंची टीम ने जिला पूर्ति कार्यालय में बसरेहर क्षेत्र के सप्लाई इंस्पेक्टर योगेश वर्मा समेत तीन लोगों को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा है. पकड़े गए अन्य दो लोगों में पीओएस मशीन से जुड़े निजी कर्मचारी पुष्पेंद्र कुमार और धर्म नारायण शामिल हैं. जानकारी के मुताबिक़ करीब ढाई महीने के भीतर इटावा में रिश्वतखोरी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है. आपको बता दे कि इससे पहले 11 जुलाई को सीएमओ कार्यालय में डिप्टी सीएमओ श्रीनिवास यादव को 55 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया था.
टीम ने पहले बिछाया था जाल
जानकारी के मुताबिक़ गुरुवार दोपहर करीब एक बजे टीम इटावा कलेक्ट्रेट स्थित जिला पूर्ति कार्यालय पहुंची. टीम ने शिकायत के आधार पर पहले से जाल बिछाया था. जैसे ही तय योजना के मुताबिक रिश्वत की रकम दी गई और आरोपियों ने उसे स्वीकार किया, इसी दौरान टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों को पकड़ लिया.
शिकायत के बाद बनाई योजना
जानकारी के मुताबिक ओम शरण की शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम ने यह कार्रवाई की. शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच की और फिर आरोपियों को पकड़ने के लिए ट्रैप तैयार किया. टीम ने पहले से तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर कार्यालय भेजा. रकम दिए जाने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया.
सप्लाई इंस्पेक्टर समेत 3 लोगों को किया गिरफ्तार
आपको बता दे कि एंटी करप्शन टीम ने बसरेहर क्षेत्र के सप्लाई इंस्पेक्टर योगेश वर्मा को गिरफ्तार किया है. उनके साथ पीओएस मशीन से संबंधित निजी कर्मचारी पुष्पेंद्र कुमार और धर्म नारायण को भी पकड़ा गया है. तीनों पर 30 हजार रुपए की रिश्वत लेने का आरोप है. कार्रवाई के बाद टीम तीनों आरोपियों को अपने साथ सिविल लाइन थाने ले गई. यहां मामले से जुड़ी कागजी कार्रवाई की गई. इसके बाद आरोपियों को कानपुर ले जाने की बात सामने आई है.
