जयपुर में एक व्यक्ति ने ससुराल लोगों की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली इस घटना के बाद मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाएं हैं फ़िलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
राजस्थान के जयपुर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक 30 साल के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक युवक की पहचान देवेंद्र शर्मा के रूप में हुई है. मृतक युवक ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार अपने ससुराल वालों बताया है. साथ ही नोट में जयपुर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
सुसाइड नोट छोड़ा
जानकारी के मुताबिक़ पुलिस को मृतक के कमरे से जो सुसाइड नोट मिला है, उसमें देवेंद्र ने लिखा है कि मेरी मौत के जिम्मेदार मेरी ससुराल वाले हैं. वो मेरे घर वालों को परेशान कर रहे हैं. उनसे पैसे मांग रहे हैं. युवक ने लिखा कि मेरी पुलिस से गुजारिश है कि मेरे परिवार को न्याय मिले. आपको बता दे कि यह पूरा मामला जयपुर के जामडोली इलाके का है.
4 दिन बाद मायके चली गई पत्नी
इस मामले को लेकर मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष की प्रताड़ना और पुलिस के दबाव से परेशान होकर देवेंद्र ने आत्महत्या की. जानकारी के मुताबिक़ युवक की शादी क़रीब पांच महीने पहले हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के चौथे ही दिन पत्नी मायके चली गई. बाद में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराकर 10 साख रुपये मांगने लगी.
मायके वालों के साथ लौटीं पत्नियां
मामले में जानकारी देते हुए मृतक के मामा ने बताया कि इस साल 29 अप्रैल को देवेंद्र और उसका भाई अंशु शादी के बंधन में बंधे थे. उनकी शादी दोनों बहनों रिकूं और कृष्णा से हुई थी. इसके बाद चौथे दिन ही दोनों की पत्नियां मायके चली गईं. फिर लगभग 15 दिन बाद मायके वालों के साथ अपने ससुराल लौटीं और घर से जेवर, कपड़े व अन्य चीजें ले गईं. बाद में ससुराल पक्ष ने दोनों भाइयों पर दबाव डालना शुरू कर दिया. इस दबाव से देवेंद्र परेशान हो गया.
ब्लैकमेल कर रहे थे ससुराल वाले
मामा ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों भाइयों से गाली-गलौज भी की गई. बताया जा रहा है कि 20 दिन पहले किशनगढ़-रेनवाल पुलिस ने समझौते के बहाने दोनों भाइयों को थाने बुलाया. दोनों अपने मामा के साथ पहुंचे. आरोप है कि एक एसआई ने देवेंद्र पर दबाव बनाकर बयान लिए और फिर अरेस्ट कर लिया. परिजनों का कहना है कि ससुराल वाले देवेंद्र को ब्लैकमेल कर रहे थे, जिसकी वजह से वो डिप्रेशन में चला गया था.
कमरे में लटका दिखा युवक
बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे मां में देवेंद्र को बुलाया, लेकिन उसने जबाब नहीं दिया. फिर मां ने बड़े बेटे विशाल को फोन किया. विशाल पत्नी के साथ पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बंद था. खिड़की से देखा तो देवेंद्र कमरे में लटका दिखा. फिर दरवाजा खोलकर उसको उतारा गया. देवेंद्र को एसएमएस अस्पताल लेकर जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया. सोमवार को मृतक के भाई विशाल में जामडोली थाने में देवेंद्र के ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई.
