राजस्थान के दौसा में एक 16 साल की नाबालिग के साथ गैंगरेप किया गया. इसके बाद युवती ने एक बच्चे को जन्म दिया और अस्पताल पहुंची. पीड़िता ने तीन लोगों पर अगवा कर रेप करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
राजस्थान के दौसा से एक हैरान कर देने वालो घटना सामने आयी है. यहां 16 साल की नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है. पीड़िता के मुताबिक, तीन लोगों ने उसे कार में बैठाकर अगवा किया और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. घटना के बाद पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई और उसने एक बच्ची को जन्म दिया. इसके बाद वह नवजात को अपने कपड़ों में छिपाकर अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
कार से किया अगवा
जानकारी के मुताबिक नाबालिग लड़की ने आरोप लगाया कि रात के समय तीन लोगों ने उसे कार में बैठाया और अपने साथ ले गए. आरोपियों ने उसके साथ बारी-बारी से रेप किया. इसके बाद आरोपी उसे कलेक्ट्रेट चौराहे पर छोड़कर फरार हो गए. पीड़िता ने वहां मौजूद एक व्यक्ति से मदद मांगी. इसके बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में पीड़िता ने अपने साथ गैंगरेप होने की बात बताई. इसी दौरान उसके कपड़ों की जांच की गई तो उनमें मृत नवजात बच्ची भी मिली.
पहले से प्रेग्नेंट थी युवती
जानकारी के मुताबिक नाबालिग पहले से गर्भवती थी. उसने अजय कुमार नाम के एक व्यक्ति पर फरवरी और मई महीने में यौन शोषण करने का आरोप भी लगाया था. इस मामले में एक CCTV फुटेज सामने आया है. इसमें एक युवक नाबालिग को बाइक पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाता दिखाई दे रहा है. फुटेज के मुताबिक व्यक्ति अस्पताल छोड़ने के बाद वहां से चला जाता है. पुलिस ने इस युवक की पहचान अनिल के रूप में करते हुए उसे हिरासत में लिया है. बताया जा रहा कि अनिल और नाबालिग लड़की के बीच प्रेम संबंध है.
कई टीमें कर रहीं तलाश
घटना की जानकारी मिलने के बाद SP कुंदन कंवरिया के निर्देश पर पुलिस अधिकारियों ने मामले में जांच शुरू की. ASP शंकरलाल मीणा, ASP विनोद सीपा और संबंधित थानों के प्रभारी मामले की जांच में जुटे हैं. बताया जा रहा है कि राहुवास, कोतवाली, कोलवा, सदर और बसवा थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही हैं. जिला विशेष टीम (DST) और साइबर सेल भी जांच में जुटी हैं.
DNA जांच की चल रही प्रक्रिया
आपको बता दे कि पुलिस घटनास्थल और आसपास के रास्तों के CCTV फुटेज खंगाल रही है. कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है. पुलिस ने मृत नवजात बच्ची का पोस्टमार्टम कराया है. साथ ही संदिग्धों के साथ DNA जांच की प्रक्रिया भी की जा रही है, जिससे मामले से जुड़े अहम सवालों के जवाब मिल सकें.
