अहमदाबाद में तेज रफ्तार वाहन से एक बार फिर हादसा हुआ है. यहां एक रेंज रोवर ने रैपिडो बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक पर सवार युवकों में से एक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल गया.
गुजरात के अहमदाबाद में एक बार फिर तेज रफ्तार से वाहन चलाने का मामला सामने आया है. यहां शिलाज सर्कल के पास एक तेज रफ्तार रेंज रोवर कार ने रैपिडो बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक हादसे में बाइक पर पीछे बैठे हर्षद कुमार पुरबिया की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले में बोपाल पुलिस ने रेंज रोवर चालक राघवेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बापूनगर विधायक का भतीजा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद उसे जमानत मिल गई है.
तेज रफ़्तार में आई रेंज रोवर
जानकारी के मुताबिक यह हादसा शिलाज सर्कल के पास गुरुकृपा ट्रेलर्स चौराहे के नजदीक हुआ. बताया जा रहा है कि रेंज रोवर कार तेज रफ्तार से आ रही थी. इसी दौरान कार ने रैपिडो बाइक को टक्कर मार दी. इस दौरान बाइक पर प्रदीप कुमार चालक के रूप में मौजूद थे, जबकि हर्षद कुमार पुरबिया पीछे की सीट पर बैठे हुए थे.
इलाज के लिए ले जाये गए घायल
जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन पीछे बैठे हर्षद कुमार पुरबिया की जान नहीं बचाई जा सकी. उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है.
CCTV की मदद से हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक घटना के बाद रेंज रोवर चालक मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर बोपाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से हादसे में शामिल रेंज रोवर कार की पहचान की. इसके बाद कार की नंबर प्लेट के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची. इसके बाद पुलिस ने संबंधित रेंज रोवर कार को जब्त कर चालक राघवेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया. मामले की जांच के दौरान आरोपी के बापूनगर विधायक का भतीजा होने की जानकारी सामने आई है.
पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. इस पूरे मामले को लेकर लगातार चर्चाएं हो रही हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिरफ्तारी के बाद विधायक के भतीजे को जमानत मिल गई है.
