तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में मजदूरों के खाने में मरी हुई छिपकली मिली है. छिपकली वाले भोजन को खाने वाले 13 मजदूर बीमार पड़ गए. इसके बाद सभी को होसुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद मजदूरों के बीच सनसनी फ़ैल गई है.
तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आयी है. यहां छिपकली गिरे भोजन को खाने से बीमार हुए उत्तर भारत के 13 मजदूर अस्पताल पहुंच गए. मजदूरों के बीमार होने के बाद हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची ने पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जानकारी के मुताबिक पूरा मामला कृष्णागिरी जिले में मंडीगिरिया स्थित जिला पशुपालन परिसर का है. आपको बता दें कि यहां बड़ी संख्या में उत्तर भारत के मजदूर रह रहे हैं और काम कर रहे हैं.
श्रमिकों को अस्पताल में कराया भर्ती
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को भी श्रमिकों को दोपहर के समय भोजन में चावल, सांभर और चपाती परोसी गई थी. बताया जा रहा है कि सभी श्रमिक खाना खा रहे थे. इस दौरान पता चला कि भोजन में एक मरी हुई छिपकली मिली है. भोजन खाने के कुछ ही समय बाद 13 श्रमिकों को तेज उल्टी होने लगी और वे बेहोश होने लगे. इस स्थिति को देखकर साथी श्रमिकों और फैक्ट्री मालिकों ने उन्हें संभाला और एंबुलेंस से होसुर सरकारी जनरल अस्पताल ले गए.
जांच के लिए भेजे नमूने
जानकारी के मुताबिक बीमार मजदूरों को गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज लगातार जारी है. घटना के बाद श्रमिकों का आरोप है कि यह स्थिति भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता में लापरवाही के कारण सामने आयी है. घटना की जानकारी मिलते ही मंडीगी पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और इसको लेकर जांच की. इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने भोजन के नमूने इकट्ठे करके भी जांच के लिए भेजे.
जानकारी के मुताबिक मंडीगी पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ठेकेदार और कर्मचारी रोजाना इस तरह का खाना क्यों पकाते हैं. उत्तर भारत के श्रमिकों के छिपकली गिरे भोजन को खाने से बीमार पड़ने की इस घटना ने इलाके और श्रमिकों के बीच गहरा सदमा और सनसनी पैदा कर दी है.
