मदुरै में तनिष्क ज्वेलर्स स्टोर से 15 किलो से अधिक सोने के गहने चोरी हो गए. जानकारी के मुताबिक अब इस मामले में पुलिस AI की मदद लेने जा रही है. बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने से पहले आरोपी ने दुकान की रेकी भी की थी.
तमिलनाडु के मदुरै में हाल ही में खुले तनिष्क ज्वेलर्स से 15 किलो से ज्यादा सोने और हीरे के आभूषण चोरी हो जाने का मामला सामने आया है. गहनों के चोरी हो जाने के बाद आरोपियों को खोजने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं. अब इस घटना जो लेकर जानकारी सामने आयी है कि चोरी में शामिल व्यक्ति घटना से कुछ दिन पहले नकाब पहनकर दुकान में आया था और उसने वहां की रेकी की थी. पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए और आरोपियों का पता लगाने के लिए खुफिया एजेंसियों के साथ-साथ एआई की भी मदद लेने का फैसला किया है.
AI का इस्तेमाल करेगी पुलिस
आपको बता दें कि चोरी के मामले को लेकर 9 विशेष टीमें जांच कर रही हैं. चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस ने AI की मदद लेने का फैसला किया है. आपको बता दें कि चोरी में शामिल व्यक्ति के फिंगरप्रिंट और अन्य सुराग जुटाने में परेशानी आ रही है, इसलिए पुलिस AI की मदद से उसकी शारीरिक बनावट के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
पुलिस जांच रही CCTV
जानकारी के मुताबिक 12 नवंबर की सुबह मदुरै में हाल ही में खुले तनिष्क ज्वेलर्स के स्टोर में घुसकर चोरों ने 15 किलो से अधिक सोने के आभूषण चुरा लिए. आपको बता दें कि जिस आभूषण की दुकान में चोरी हुई थी, उसके आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है. पुलिस रेलवे स्टेशनों, ट्रैफिक सिग्नलों और टोल बूथों सहित दूसरी जगहों पर लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग भी एकत्र कर उनकी जांच कर रही है.
दुकान में की थी रेकी
अब इस चोरी में एक बड़ा मोड़ आया है. बताया जा रहा है कि 5 नवंबर की सुबह एक नकाबपोश व्यक्ति दुकान में आया था और संभावित चोरी के अवसरों की तलाश में दुकान की रेकी की थी. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह चोरी अचानक की गई थी या इसकी योजना कई दिन पहले से बनाई गई थी.
