कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर उनका फोन टैपिंग का आरोप लगाया. राहुल गांधी के इस आरोप के बाद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने पलटवार किया है. शिंदे ने कांग्रेस नेता पर मोदी फोबिया से ग्रस्त होने का तंज कसा है.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर फोन टैपिंग का आरोप लगाया. अब इस आरोप पर महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे. उन्होंने लिखा कि राहुल गांधी इन दिनों मोदी फोबिया से ग्रस्त हो चुके हैं. उन्हें जागते-सोते, उठते-बैठते सिर्फ नरेंद्र मोदी ही दिखाई देते हैं. सच्चाई यह है कि जब तक वे प्रधानमंत्री का नाम नहीं लेते, तब तक न तो उनकी कोई खबर बनती है और न ही वे मीडिया की सुर्खियों में टिक पाते हैं.
बचकाने आरोपों का ले रहे सहारा
उन्होंने इस दौरान लिखा कि अपनी डूबती राजनीतिक नैया को बचाने और जबरदस्ती चर्चा में बने रहने के लिए अब वे फोन टैपिंग जैसे बेबुनियाद और बचकाने आरोपों का सहारा ले रहे हैं. एकनाथ शिंदे ने कहा कि न कोई ठोस मुद्दा है, न विकास का कोई विजन और न ही अपने दावों को साबित करने के लिए एक भी सबूत.
एकनाथ शिंदे ने कसा तंज
उन्होंने इस दौरान कहा कि एक तरफ देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास के नए-नए कीर्तिमान रच रहा है, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष के नेता अपने इन बयानों से खुद ही अपनी जग-हंसाई करवा रहे हैं. एकनाथ शिंदे ने कहा कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे वाली कहावत आज उन पर बिल्कुल सटीक बैठती है
इंटरैक्टिव सेशन के दौरान लगाया आरोप
आपको बता दें कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उनका फोन टैप करने का आरोप लगाया है. राहुल गांधी ने एक ऑनलाइन इंटरैक्टिव सेशन के दौरान अपना फोन दिखाते हुए कहा कि उनके पास पीएम मोदी के खिलाफ सभी जरूरी सबूत हैं उन्होंने कहा कि सबूत इस फोन में है, हालांकि इस दौरान राहुल गांधी ने आरोप को साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं दिया, लेकिन राहुल गांधी के आरोप के बाद बीजेपी नेताओं ने उन पर हमला तेज कर दिया है.
