इंदौर में एक बुजुर्ग महिला ने ऑनलाइन रिफंड की प्रक्रिया अपनाई. इस दौरान महिला के साथ साइबर ठगी हो गईं. महिला के बैंक खाते से 99 हजार रूपये निकाल लिए गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मध्य प्रदेश के इंदौर में ऑनलाइन खरीदारी के दौरान साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है. यहां दीपावली के मौके पर ऑनलाइन खाद्य सामग्री मंगवाना एक 80 साल की बुजुर्ग को भारी पड़ गया. जानकारी के मुताबिक ऑर्डर में जरूरत से ज्यादा शक्कर आने पर महिला ने उसे वापस करने के लिए ऑनलाइन रिफंड प्रक्रिया अपनाने की कोशिश की. इसी दौरान साइबर अपराधियों ने महिला को अपने जाल में फंसा लिया और उनके बैंक खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए. अब इस मामले में छोटी ग्वालटोली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जरूरत से ज्यादा आया शक़्कर
पुलिस के मुताबिक छोटी ग्वालटोली थाना क्षेत्र की निवासी 80 साल की अरुणा व्यास ने दीपावली के अवसर पर ऑनलाइन खाद्य सामग्री का ऑर्डर दिया था. इसके बाद महिला द्वारा मंगवाई गई सामग्री समय पर घर पहुंच गई, लेकिन उसमें शक्कर की मात्रा जरूरत से ज्यादा थी. इसके बाद महिला ने अधिक शक्कर वापस करने और अपनी राशि रिफंड कराने का फैसला किया.
प्रक्रिया पूरी करने को कहा
शक्कर वापस करने के लिए महिला ने इंटरनेट पर प्रक्रिया और संपर्क नंबर तलाशना शुरू किया. इस दौरान उन्हें एक नंबर मिला, जिस पर उन्होंने कॉल कर दिया. इस दौरान कॉल पर दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति ने महिला को रिफंड दिलाने के नाम पर कुछ ऑनलाइन प्रक्रियाएं पूरी करने के लिए कहा.
बैंक से उड़ गए 99 हजार
बताया जा रहा है कि इस दौरान महिला साइबर अपराधियों के झांसे में आ गई और उनके बताए अनुसार प्रक्रिया करती रही. इसी दौरान अचानक उनके बैंक खाते से 99 हजार रुपये कट गए. खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही बुजुर्ग महिला के होश उड़ गए. बैंक से पैसे उड़ जाने के बाद उन्हें समझ आया कि रिफंड के नाम पर उनके साथ साइबर ठगी हो गई है.
मामले में जांच कर रही पुलिस
खुद के साथ ठगी होने के बाद महिला ने तुरंत थाने पहुंचकर साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और जिस बैंक खाते में रकम ट्रांसफर हुई है, उसकी जानकारी जुटा रही है. जानकारी के मुताबिक इसके साथ ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
