Threat to blow up Patna Civil Court: बिहार के तीन बड़े सिविल कोर्ट पटना, किशनगंज और गया को ई-मेल के जरिए बम धमकी मिलने से सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस और प्रशासन जांच में जुटे हैं और फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है.

Threat to blow up Patna Civil Court: बिहार में सुरक्षा के मामले फिर से चर्चा में हैं. राज्य के तीन बड़े सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. पटना, किशनगंज और गया के सिविल कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी मिली है. यह खबर मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट हो गए और सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.
पटना सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी
सबसे पहले पटना सिविल कोर्ट को धमकी मिली है. ई-मेल में कोर्ट उड़ाने की बात लिखी हुई थी. इसके बाद कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है. तुरंत ही पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है. कोर्ट में आने-जाने वाले सभी लोगों की जांच शुरू कर दी गई और प्रवेश व निकास पर सख्ती कर दी गई है. डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की सघन जांच की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके है.
इसके बाद किशनगंज सिविल कोर्ट को भी धमकी मिली है. यहां भी ई-मेल के माध्यम से बम धमाका की चेतावनी दी गई है. प्रशासन ने तुरंत स्थिति का जायजा लिया है. पुलिस बल, बम निरोधक टीम और डॉग स्क्वॉड को कोर्ट परिसर में तैनात कर दिया गया है. पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील भी की गई है.

गया सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिली है. पुलिस और प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की है. कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके की गहन जांच की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और सुरक्षा के हर स्तर को कड़ा किया गया है.
पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी भी कोर्ट परिसर से संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. लेकिन धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है. ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल सक्रिय है. मामले की जांच जारी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है. अधिकारियों ने जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
