Government nursing college renamed: उत्तराखंड सरकार ने पौड़ी के श्रीकोट राजकीय नर्सिंग कॉलेज का नाम स्वर्गीय अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज कर दिया है और परिवार की मांग पर सीबीआई जांच कराने का आश्वासन दिया है.

Government nursing college renamed: उत्तराखंड सरकार ने पौड़ी गढ़वाल जिले के डोभ में स्थित राजकीय नर्सिंग कॉलेज का नाम बदलकर अब स्वर्गीय अंकिता भंडारी राजकीय नर्सिंग कॉलेज कर दिया है. यह फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर लिया गया है. इसके बाद चिकित्सा और स्वास्थ्य विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने इसे आधिकारिक रूप से आदेश के माध्यम से लागू कर दिया है.
मुख्यमंत्री धामी ने इस फैसले से पहले अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की थी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी बेटी को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि परिवार द्वारा उठाई गई मांगों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
अंकिता भंडारी डोभ गांव की रहने वाली थी और सितंबर 2022 में उसकी हत्या कर दी गई थी. वह पौड़ी के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थी. रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों के साथ मिलकर उसे नहर में धक्का दे दिया था. इस मामले में तीनों दोषियों को सत्र न्यायालय से उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है.
हालांकि, अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी से जुड़ी हाल की खुलासों के कारण राज्य में सियासी हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस और कई सामाजिक संगठन इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग कर रहे हैं. लगातार प्रदर्शन और सार्वजनिक दबाव ने सरकार की सक्रियता बढ़ा दी है.

अंकिता के माता-पिता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात में भी सीबीआई से जांच कराने की मांग की है. इस कदम से उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है. राज्य सरकार ने साफ किया है कि पीड़ित परिवार की मांगों को गंभीरता से लिया जाएगा और कानून के तहत हर संभव कार्रवाई की जाएगी. इस फैसले से न केवल कॉलेज का नाम सुरक्षित हुआ है, बल्कि समाज में न्याय और सुरक्षा के संदेश को भी मजबूती मिली है.
यह भी पढ़ेंं: मुनीर से लिया टक्कर… पाकिस्तान में पूर्व आर्मी अधिकारी आदिल रजा आतंकी घोषित; बोले- मेरे लिए सम्मान की बात
