मुंबई के माहिम इलाके में बाइक सवार दो हमलावरों ने एक ज्वेलरी शॉप के बाहर दो राउंड फायरिंग की. फायरिंग करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. हालांकि घटना में दुकान के सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
महाराष्ट्र के मुंबई में एक हैरान कर देने वाली घटना हुई है. यहां के माहिम इलाके में बुधवार शाम फायरिंग की घटना से दहशत फैल गई. जानकारी के मुताबिक़ एल.जे. रोड पर स्थित एक ज्वेलरी शॉप के बाहर बाइक सवार 2 अज्ञात हमलावरों ने 2 राउंड गोलियां चलाईं. गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. हालांकि राहत की बात यह है कि फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी.
फुटपाथ के रास्ते पहुंचे दुकान के बाहर
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब 7:30 बजे माहिम के एल.जे. रोड पर जागृति सोसायटी और शोभा होटल जंक्शन के पास मौजूद पीसी जैन ज्वेलरी शॉप के बाहर यह वारदात हुई. घटना को लेकर मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक हेलमेट पहने दो हमलावर बाइक से दुकान के पास पहुंचे. उन्होंने अपनी बाइक रोकी और नीचे उतरकर फुटपाथ के रास्ते दुकान के बाहर पहुंचे. इसके बाद उन्होंने दो राउंड फायरिंग की. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग डर गए. फायरिंग करने के बाद दोनों आरोपी बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए.
मौके पर पहुँची पुलिस टीम
इस घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस भी हरकत में आ गई. एडिशनल पुलिस कमिश्नर विक्रम देशमाने, डीसीपी जोन-5 महेंद्र पंडित और माहिम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरिक्षण किया. इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. डीसीपी महेंद्र पंडित ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि माहिम के शोभा होटल के पास गोलीबारी हुई है. हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ है. पुलिस अब फायरिंग के पीछे की वजह का पता लगा रही है.
पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे हमलावरों की पहचान की जा सके. इसके अलावा पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप को निशाना क्यों बनाया.
