गुमला जिले में पुलिस ने डबल मर्डर का खुलासा किया है. यहां दो सगे भाइयों ने घर में चल रहे विवाद के बाद अपनी पत्नियों की हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शवों को एंबुलेंस से जंगल में ले जाकर दफना दिया और गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट भी दर्ज करा दी. पुलिस की पूछता में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
झारखंड के गुमला जिले से पति पत्नी का एक हैरान कर देंने वाला मामला सामने आया है. यहां पति-पत्नी के बीच वैवाहिक संबंधों में लंबे समय से चली आ रही कड़वाहट के बाद दो सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर दी. इसके बाद एंबुलेंस की मदद से आरोपी दोनों महिलाओं के शवों को सिमडेगा जिले के वीरू जंगल में ले जाकर दफन कर दिया.
खुद रच डाली झूठी कहानी
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपियों भाइयों ने पुलिस और स्थानीय लोगों को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी बना डाली. आरोपियों ने खुद ही गुमला थाने पहुंचकर अपनी पत्नियों के लापता होने की रिपोर्ट लिखा दी. मामला संदिग्ध जानकर पुलिस जांच में जुटी तो शक आरोपी पतियों पर ही हुआ. इसके बाद पुलिस ने दोनों सगे भाइयों शिव शंकर साहू और नवीन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
घर में चल रहा था विवाद
पुलिस द्वार की गई शुरुआती पूछताछ में दोनों भाई गुमराह करते रहे, लेकिन पुलिस ने थोड़ी सी सख्ती की तो इन्हें टूटने में भी देरी नहीं लगी. दोनों ने अपनी पत्नियों की हत्या कबूल करते हुए बताया कि लंबे समय से चल रहे विवाद की वजह से इस वारदात को अंजाम दिया है. जानकारी के मुताबिक़ सोमवार को भी उनका पत्नियों के साथ विवाद हो गया. इसके बाद दोनों ने इन्हें रास्ते से हटाने का फैसला किया.
पुलिस ने बरामद किए शव
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पत्नियों की हत्या के बाद उनके शवों को एंबुलेंस में रखकर गुमला से सिमडेगा जिले के वीरू जंगल ले गए और गड्ढा खोदकर दफन कर दिया. इसके बाद वापस लौटकर मंगलवार की सुबह पुलिस में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई. वारदात का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों शवों को बरामद कर लिया है. सिमडेगा में ही दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उस एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया है, जिससे शव ले जाए गए थे.
