झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. विधायक के खिलाफ साजिश और नाबालिग के अपहरण के मामले में पुलिस ने यह कार्रवाई की है. जानकारी के मुताबिक आरोपी दिलीप तिर्की को जोन्हा फॉल के जंगल से पकड़ा गया है.
झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने विधायक के खिलाफ साजिश रचने और नाबालिग बच्ची का अपहरण करने और उससे गलत गवाही दिलाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप तिर्की के रूप में हुई है. इस मामले में पुलिस ने नाबालिग बच्ची को भी हिरासत में लिया है. वहीं दूसरा नामजद आरोपी अभिषेक भारती अभी फरार है.
गलत गवाही दिलाने का आरोप
जानकारी के मुताबिक 13 नवंबर को सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ थाने में इस मामले में केस दर्ज किया गया था. आरोप है कि एक नाबालिग बच्ची को किडनैप कर उसे डराया-धमकाया गया और उस पर दबाव बनाया गया. आरोपियों की मंशा बच्ची से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ गलत बयान दिलवाने और गवाही करवाने की थी. पुलिस ने इस मामले में दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती को नामजद आरोपी बनाया था.
एसपी ने किया था टीम का गठन
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सिमडेगा के एसपी ने विशेष टीम का गठन किया था, जिससे आरोपियों की गिरफ्तारी हो सके. इसके बाद पुलिस टीम तकनीकी सबूतों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी. इसके लिए अलग-अलग संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही थी.
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस को इस दौरान सूचना मिली कि नामजद आरोपी दिलीप तिर्की रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में स्थित जोन्हा फॉल के जंगल में छिपा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग बच्ची को भी हिरासत में लिया है.
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
सिमडेगा के डीएसपी रणवीर सिंह ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि मामले में दो लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था. इनमें से दिलीप तिर्की को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी अभिषेक भारती की तलाश जारी है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
